दसवीं फेल पढ़े लिखे लोगों को लगा रहे चूना
पुलिस ने जिन पांच आरोपियों को पकड़ा है उनमें दसवीं फेल हैं। बावजूद इसके पढ़े लिखे और व्यापारी व डॉक्टर समेत अन्य लोगों को ठग रहे हैं। अश्लील वीडियो के जरिए लोगों को ऐसे फंसाते हैं कि लोग चुपचाप इनके बताए खाते में रकम ट्रांसफर कर देते हैं।
इंस्पेक्टर विक्रम राठौर बताकर करते हैं कॉल
अश्लील वीडियो के जरिए लोगों को फंसाकर आरोपी के कुछ साथी खुद को क्राइम ब्रांच के इंस्पेक्टर विक्रम राठौर और राम पांडे बताकर कॉल करते हैं। उन्हें धमकाते हैं कि अगर रकम नहीं भेजेंगे तो हमारी टीम गिरफ्तार करने आ रही है।
नौकरी करने राजस्थान गया था युसूफ
बिलारी के स्योहारा गांव निवासी यूसुफ करीब एक साल पहले राजस्थान के भरतपुर में मजदूरी करने गया था। वहां एक ढाबे पर उसकी मुलाकात अशफाक और लुकमान से हो गई थी। इसके बाद वह आरोपियों के शामिल हो गया था। जबकि मथुरा का नासिर राजस्थान के अफरीद का रिश्तेदार है।
नया जामतारा बन रहे राजस्थान के गांव
पुलिस की गिरफ्त में आए अशफाक ने बताया कि राजस्थान के गांव खासकर यूपी बॉर्डर से सटे गांवों में साइबर अपराधी तेजी से बढ़े हैं। झारखंड के जामतारा की तरह यहां के युवा साइबर अपराध को एक धंधे की तरह कर रहे हैं। अशफाक ने बताया कि उसके साथी इरशाद, अल्ली और रियासत जामतारा के कुछ साइबर ठगों के संपर्क में रहे थे। उनके जरिए ही साइबर ठगी करना शुरू किया।
गिरोह में 14 और 15 साल के किशोर भी
आरोपियों ने पुलिस पूछताछ में बताया कि उनके गिरोह में 14 और 15 साल के किशोर भी शामिल हैं। इन किशोरों को ट्रेंड किया गया। किशोर लोगों को नए नए नंबर से कॉल कर उन्हें अपने जाल में फंसाते हैं।