मुरादाबाद। मूंढापांडे थाना क्षेत्र में रहने वाले एक ग्रामीण ने अपंजीकृत डाक्टर पर आरोप लगाया है कि उसने आपरेशन के दौरान उसकी पत्नी के पेट में कॉटन छोड़ दिया। जिससे महिला की हालत बिगड़ गई। ग्रामीण ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
मूंढापांडे के दोलारी गांव निवासी राजकुमार ने थाने में दी तहरीर में बताया कि 22 मई को उसने अपनी पत्नी को प्रसव पीड़ा में एक क्लीनिक में भर्ती कराया था। यहां डाक्टर ने आपरेशन किया था। जन्म के समय ही बच्चे की मौत हो गई थी। तीन दिन बाद उसकी पत्नी को भी दर्द होने लगा। इसके बाद वह किसी अन्य डाक्टर के पास पत्नी को लेकर गया, जहां चेकअप में पता चला कि आपरेशन के दौरान महिला के पेट में कॉटन छोड़ दिया गया था। थाना प्रभारी नवाब सिंह ने बताया कि ग्रामीण को बताया गया है कि उसे इस मामले में सीएमओ कार्यालय में प्रार्थना पत्र देना चाहिए।