मुरादाबाद के भोजपुर थाना क्षेत्र में एक अज्ञात वाहन ने गुरुवार सुबह बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार दो सगे भाइयों की मौत हो गई, जबकि एक भाई का दामाद घायल हो गया। उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसा गुरुवार सुबह 6:30 बजे घने कोहरे के बीच भोजपुर थाना क्षेत्र के मुरादाबाद बाजपुर मार्ग पर सिरसवां गौड़ के पास हुआ। भोजपुर पुलिस के मुताबिक मृतक शौकीन और उसका भाई मोबिन भगतपुर थाना क्षेत्र के मिलक बिलाकुदान गांव निवासी थे।
बताया जा रहा है कि शौकीन और मोबीन की बहन का इंतकाल हो गया था। गुरुवार को दशकर्म था। शौकीन का दामाद बाबू भी उनके साथ दशकर्म में शामिल होने डिलारी के गांव फरीदपुर जा रहे थे। मुरादाबाद बाजपुर मार्ग पर यह सिरसवां गौड़ दोराहे के पास उनकी बाइक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी।
इसमें शौकीन और मोबिन घायल हो गए, जबकि बाबू घायल हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई जबकि घायल बाबू को अस्पताल भिजवा दिया गया है। कुछ ही देर में परिजन भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने शवों का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शव परिजनों की सुपुर्दगी में दे दिए हैं।