मुरादाबाद। डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित अंडर-19 मंडलीय क्रिकेट टूर्नामेंट में दो मुकाबले मंगलवार को आईएफटीएम विश्वविद्यालय के मैदान पर खेले गए। पहला मैच एमपीएस क्रिकेट क्लब और रामपुर क्रिकेट क्लब के बीच खेला गया। इसमें एमपीएस की टीम ने 82 रनों से जीत दर्ज की। वहीं, दूसरा मैच एसपीएस और एटूआर क्लब के बीच हुआ। इसमें एटूआर क्लब की टीम ने पांच विकेट से बाजी मारी।
पहले मैच में रामपुर क्रिकेट क्लब ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने के निर्णय लिया। एमपीएस की बल्लेबाजी की शुरूआत काफी अच्छी रही लेकिन टीम पूरे 40 ओवर नहीं टिक सकी। टीम 38.4 ओवर में 227 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। एमपीएस के लिए मोहसिन और सोमिल ने 51-51 रन बनाए। रामपुर के लिए गेंदबाजी में जुनैद ने पांच विकेट झटके। लक्ष्य का पीछा करते हुए रामपुर की टीम 31 ओवर में महज 144 रन बनाकर ढेर हो गई। टीम के लिए गगनदीप ने 47 और रोहित ने 43 रन बनाए। गेंदबाजी में एमपीएस के लिए कार्तिक ने चार और अहमद ने तीन विकेट लिए। इस तरह ये मुक़ाबला एमपीएस ने 82 रनों से जीत लिया।
दूसरे मैच में एसपीएस क्रिकेट क्लब ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 30 ओवर में सभी विकेट खोकर 185 रन बनाए। इसमें सुहैल ने सर्वाधिक 91 और ब्रिजेश ने 78 रनों का योगदान दिया। एटूआर क्लब के लिए आकीब अहमद और मोहम्मद बिलाल ने एक-एक विकेट लिया। जवाब में बल्लेबाजी करते हुए एटूआर की टीम ने 31.3 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया और पांच विकेट से मैच जीत लिया। टीम के लिए तुषार सिंघल ने शानदार 118 रनों की पारी खेली। एसपीएस के लिए ब्रिजेश ने दो विकेट लिए।
अंपायर की भूमिका पहले मैच में निश्चल चाहल, जेपी सिंह ने और दूसरे मैच में सतेंद्र कुमार और शमशाद अल्वी ने निभाई। मैच के दौरान पूर्व रणजी खिलाड़ी एवं डीएसए सचिव विजय गुप्ता, ज्वाइंट सेक्रेटरी नितिन गुप्ता, कोच बदरूद्दीन सिद्दीकी, वित्त अधिकारी डॉ कुशल पाल सिंह, कपिल गिल (खेल अधिकारी), कुलदीप दुबे (खेल अधिकारी) आदि मौजूद रहे।