बिलारी (मुरादाबाद)। शादी समारोह में शिरकत करने के बाद रविवार सुबह घर लाैट रहे बाइक सवार सरफराज (20) और उनके भतीजे सैफ अली (18) निवासी ग्राम मोहम्मद इब्राहीमपुर की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। यह हादसा आगरा हाईवे पर गांव नीमरी के पास हुआ। हादसे की जानकारी पर काफी संख्या में लोग सीएचसी पहुंच गए।
बिलारी नगर के मोहल्ला अंसारियान में सरफराज की मौसी की शादी का कार्यक्रम था। सरफराज और उसका भतीजा सैफ अली दोनों शनिवार शाम शादी की दावत में शामिल होने के लिए बिलारी गए थे। रविवार सुबह लगभग सात बजे चाचा-भतीजा बाइक से घर लौट रहे थे। बाइक बिलारी और इब्राहीमपुर के बीच नीमरी गांव के निकट पहुंची तो अज्ञात वाहन ने दोनों बाइक सवारों को रौंद दिया। हेलमेट न होने की वजह से दोनों हाईवे किनारे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस ने दोनों घायलों को सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने सरफराज को मृत घोषित कर दिया। जिला अस्पताल पहुंचते ही दूसरे घायल सैफ अली की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों के शवों का पोस्टमार्टम कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। सपा विधायक हाजी मोहम्मद फहीम इरफान ने मृतकों के परिजनों को ढाढ़स बंधाया।
सरफराज वेल्डिंग और सैफ बाइक मैकेनिक का करता था काम
हादसे में जान गंवाने वाला सरफराज बिलारी नगर में वेल्डिंग का काम करता था। सरफराज के परिवार में माता जहरा के अलावा छह बड़ी विवाहित बहनें और एक बड़ा भाई सरताज है। वहीं मृतक सैफी अली बिलारी नगर में बाइक मैकेनिक का काम करता था। उसके परिवार में मां राबिया के अलावा चार बड़ी बहनें एक बड़ा भाई फैज अली है।
लगातार सड़क हादसों से भड़के विधायक, दी आंदोलन की चेतावनी
बिलारी। थाना बिलारी क्षेत्र में बिलारी से अमरपुरकाशी तक हाईवे पर सात किलोमीटर दूरी में लगातार हो रहे सड़क हादसों पर भड़के विधायक हाजी मोहम्मद फहीम इरफान ने हादसे रोकने को कारगर कदम न उठाने पर आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है। सपा विधायक ने कहा कि चार दिन पहले हाईवे पर ट्रक की टक्कर से दो छात्राओं की मौत हो गई थी। रविवार सुबह तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से दो बाइक सवारों की मौत हो गई। हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश लगाने और सड़क हादसे रोकने को अन्य कारगर कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। वह शीघ्र ही इस मामले में उच्चाधिकारियों से वार्ता करेंगे और जरूरत पड़ने पर जन आंदोलन शुरू करेंगे। संवाद
फोटो परिचय-01,02,03,04,05