ठाकुरद्वारा (मुरादाबाद)। ठाकुरद्वारा थाने में तैनात दो सिपाहियों ने थाने के अंदर दो युवकों को बाइक चोरी के शक में जमकर टार्चर किया। उन्हें पटे और बेल्ट से पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। घटना से गुस्साए लोगों ने हंगामा किया तो आरोपी पुलिसकर्मियों समेत छह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई। साथ ही दोनों सिपाहियों को निलंबित कर दिया गया।
डिलारी के ढकिया निवासी शकील की बाइक रविवार की सुबह ठाकुरद्वारा नगर में तिकोनिया पुलिस चेक पोस्ट के पास चोरी हो गई थी। शकील ने अपने कार्यालय के बाहर बाइक खड़ी की थी। कार्यालय के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में चोर की तस्वीरें कैद हो गई थीं। शकील की शिकायत पर ठाकुरद्वारा थाने में तैनात हेड कांस्टेबल इमरान और गुलशन ने संदेह के आधार पर नगर के मोहल्ला वार्ड-7 बहेड़ा वाला निवासी इरशाद और उसके भतीजे शाहरुख को पकड़कर थाने ले आए।
इरशाद का आरोप है कि पुलिस वाले उन्हें रविवार की दोपहर करीब 1:00 बजे गुप्ता जी की ई-रिक्शा फैक्टरी से उठाकर ले गए। दोनों वहां मजदूरी कर रहे थे। पुलिसकर्मी उन्हें थाने के पीछे वाले दरवाजे से ले गए और कमरे में बंद कर दिया। वहां दोनों को पटे और बेल्ट से पीटा और बाइक चोरी कुबूल करने के लिए दबाव बनाया। पुलिसकर्मियों की पिटाई से इरशाद और शाहरुख गंभीर रूप से घायल हो गए। हालांकि, बाद में पैसे लेकर शाम करीब पांच बजे दोनों को छोड़ दिया।
पीड़ित जब घर पहुंचे और परिजनों और आसपास के लोगों ने शरीर पर चोटों के निशान देखे तो पुलिस के खिलाफ आक्रोश बढ़ गया। घायलों के फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए। इसकी जानकारी मिलने पर सपा विधायक नवाब जान खां परिवार और अन्य लोगों को लेकर कोतवाली पहुंच गए और उन्होंने एसएसपी इस मामले की शिकायत की। एसपी ग्रामीण कुंवर आकाश सिंह ने रविवार रात 12 बजे कोतवाली पहुंचकर दोनों घायलों से पूछताछ की। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी देखी। दोनों युवक बाइक चोरी करते नहीं मिले। इसके बाद आरोपी हेड कांस्टेबल इमरान और गुलशन, बाइक स्वामी शकील और तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। एसएसपी सतपाल अंतिल ने बताया कि दोनों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। उनके खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं।