मुरादाबाद। मुरादाबाद- लखनऊ रेलवे लाइन पर गोविंद नगर रेलवे क्रासिंग के पास खड़ी मालगाड़ी से कोयला चोरी करने के मामले में आरपीएफ की टीम ने दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। शनिवार शाम उन्हें कोर्ट में पेश किया गया, जहां से दोनों महिलाएं जेल भेज दी गईं। जबकि मौके पर मिलीं नाबालिग लड़कियों की काउंसलिंग की गई।
मुरादाबाद-लखनऊ रेल लाइन पर गोविंद नगर के पास कोयला लदी मालगाड़ी खड़ी हो जाती हैं। इसके बाद गोविंद नगर में रहने वाली कुछ परिवारों के नाबालिग लड़के और लड़कियां व महिलाएं कोयला चोरी करते हैं। 25 हजार वोल्ट की ओएचई लाइन के नीचे खड़ी मालगाड़ी से लंबे समय से कोयला चोरी किया जा रहा था। शनिवार के अंक में अमर उजाला ने कोयला चोरी की तस्वीरें प्रकाशित की थीं। इसके बाद आरपीएफ हरकत में आ गया। शनिवार सुबह से ही आरपीएफ की टीम मौके पर जुट गईं और दो महिलाएं और कुछ बच्चों को पकड़ लिया। यहां पूछताछ में महिलाओं ने अपने नाम पुष्पा और मुन्नी बताए।
दोनों गोविंद नगर निवासी हैं। आरपीएफ ने दोनों के खिलाफ रेलवे एक्ट व चोरी की धाराओं में केस दर्ज किया। आरपीएफ के कंपनी कमांडर धर्मेंद्र राणा ने बताया कि शनिवार को दोनों महिलाओं को रेलवे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है, जबकि बच्चों को काउंसलिंग के बाद छोड़ दिया गया है। आरपीएफ टीम ने कुछ घरों से कोयला भी बरामद किया है।