कांठ। सही करने के लिए दिए मोबाइल वापस मांगने को लेकर कहासुनी के बाद दो पक्षों में मारपीट हो गई। जिसमें दोनों पक्षों के पांच लोग घायल हो गए, वहीं कई बाइकें को भी नुकसान पहुंचा है। पुलिस ने घायलों का इलाज कराया है, एक को गंभीर हालत में सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
मामला छजलैट थाना क्षेत्र के संदलीपुर-मानपुर का है। मानपुर के रहने वाले इस्माईल के अनुसार उसका मोबाइल खबरा हो गया था, जिस पर उसने पास के ही गांव संदलीपुर में मैकेनिक उस्मान को कुछ दिन पहले मोबाइल सही करने के लिए दिया था। आरोप है कि उसने मोबाइल को सही करके नहीं दिया। मंगलवार की सुबह जब इस्माईल दोबारा से अपना मोबाइल मांगने के लिए गया तो इसी को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप है कि इसके बाद उस्मान पक्ष के लोगों ने मानपुर पहुंचकर इस्माईल के घर चढ़ाई कर दी। दोनों पक्षों में हुई मारपीट में इस्माईल, उसका बेटा इब्राहिम व भाई अय्यूब और दूसरे पक्ष का उस्मान व उसका भाई फारूख घायल हो गया। इस दौरान कई बाइकें भी क्षतिग्रस्त हो गई।
मौके पर छजलैट पुलिस और पीआरवी 112 टी पहुंची। पुलिस ने जांच पड़ताल करते हुए घायलों को इलाज के लिए कांठ सीएचसी भेजा। चिकित्साधीक्षक डॉ. राजीव सिंह ने बताया कि यहां से इस्माईल को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। इस मामले में एसएचओ छजलैट प्रदीप कुमार सहरावत ने बताया कि इस्माईल की शिकायत पर उस्मान, फारूख, लाला व जुम्मा निवासी संदलीपुर और फारूख की ओर से इस्माईल, इब्राहिम, समीर व यूसुफ निवासी मानपुर के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।