मुरादाबाद रेल मंडल में सोमवार सुबह फिर दो जगह रेल पटरियां चटक गई। गनीमत रहीं कि रेल गाड़ियां इन टूटी पटरी से नहीं गुजरीं। वरना बड़ा हादसा हो सकता था। मुरादाबाद में हरथला रेलवे स्टेशन के पास सुबह साढ़े सात बजे ट्रैक चेकिंग के दौरान रेल कर्मचारियों ने पटरी चटकी देखीं। उन्होंने इसकी जानकारी तुरंत ही स्टेशन मास्टर को दी। तब रेल संचालन बंद कराकर ट्रैक की मरम्मत की गई। ट्रैक ठीक करने के बाद सुबह सात बजकर 55 मिनट पर ट्रेनों का संचालन किया गया।
जबकि दूसरा मामला रुड़की के पास का है। यहां सुबह स्टेशन पोर्टर ने ट्रैक चटका देख लिया। यहां से कुछ देर बाद ही भटिंडा वाराणसी एक्सप्रेस ट्रेन गुजरनी थी। ट्रैक चटका होने की जानकारी से रेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। इसके बाद ट्रैक पर ट्रेनों का संचालन बंद करने के बाद मरम्मत का कार्य किया गया। ट्रैक टूटने की वजह से भटिंडा वाराणसी एक्सप्रेस और अमृतसर देहरादून एक्सप्रेस ट्रेन 50-50 मिनट बीच रास्ते में ही फंसी रहीं। मरम्मत करने के बाद ट्रेनों का संचालन किया गया।