पाकबड़ा (मुरादाबाद)। दिल्ली-लखनऊ हाईवे स्थित गांव नानकबाड़ी के पास बुधवार रात 12 बजे जायरीनों की कार में पीछे से आ रही टीएमयू के डॉक्टर की स्कार्पियो ने टक्कर मार दी। हादसे में कलियर शरीफ जा रहे कार सवार जायरीन शाकिर (54) और अकबर अली (60) की मौत हो गई, जबकि डॉक्टर समेत तीन लोग घायल हो गए।
हादसे की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह ने बताया कि मूंढापांडे थाना क्षेत्र के बरवाला खास निवासी शाकिर, उनके दोस्त रामपुर के अजीम नगर थाना क्षेत्र खेमपुर निवासी अकबर अली, मैनाठेर निवासी फिरोज आलम और सोनकपुर थाना क्षेत्र के जिगनिया निवासी मो. इरशाद बुधवार की रात शाकिर की कार से उत्तराखंड में कलियर शरीफ जा रहे थे। बुधवार की रात करीब 12 बजे दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर नानकबाड़ी गांव के पास पहुंचने पर पीछे से आ रही टीएमयू के डॉक्टर आशीष कुमार की तेज रफ्तार स्कार्पियो उनकी कार में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में जायरीन की कार पलट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस कार सवार जायरीन व स्कार्पियो सवार डॉक्टर को बाहर निकाला और उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया, जहां पर डॉक्टरों ने शाकिर और अकबर अली को मृत घोषित कर दिया। फिरोज और इरशाद को परिजन हालत गंभीर में मेरठ ले गए हैं। शाकिर के भाई ने टीएमयू के डॉ. आशीष कुमार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
हादसे के बाद हाईवे पर लगा जाम
हाईवे पर हादसे के बाद जाम लग गया था। पुलिस ने घायलाें को जिला अस्पताल भेजने के बाद क्षतिग्रस्त वाहनों को क्रेन से हटवाकर करीब एक घंटे बाद यातायात सुचारू कराया।
परिवार में मचा कोहराम
हादसे में जान गंवाने वाले शाकिर के परिवार में पत्नी रुकसाना के अलावा तीन बेटे और एक बेटी है। वह राजमिस्त्री का काम कर परिवार का पालन पोषण करते थे। हादसे की मौत की सूचना मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।