रामपुर। सिविल लाइंस थाना पुलिस ने बुधवार रात रोडवेज के निकट से सूचना के आधार पर एक कार से तलाशी में दो करोड़ रुपये की रकम बरामद की है। पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया। इतनी बड़ी रकम कहां से आई और कहां किस प्रयोजन के लिए ले जा रहे थे, इसका वे संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। न ही रकम संबंधी कोई कागजात दिखा सके। जांच के लिए आयकर विभाग की टीम को भी बुलाया गया।
पुलिस के मुताबिक बुधवार की रात सूचना के आधार पर रोडवेज के निकट एक कार की तलाशी ली गई। कार में सवार दो लोगों ने अपने को एक निजी पब्लिकेशन हाउस के कर्मी बताए। कार में दो करोड़ रुपये की रकम भी मिली। पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया।
एसपी अशोक कुमार ने बताया कि पूछताछ में एक व्यक्ति ने अपना नाम संजय कुमार निवासी जिला दरभंगा बिहार और दूसरे ने दीपक कुमार निवासी कटक उड़ीसा बताया। दोनों लोग एक निजी पब्लिकेशन हाउस में काम करते हैं और वे दो करोड़ की रकम लेकर उत्तराखंड से दिल्ली जा रहे थे। पूछताछ में दोनों ने बताया कि रकम एक निजी कॉलेज के संचालक द्वारा उनके निजी पब्लिकेशन हाउस के स्वामी के लिए भेजी जा रही थी। इससे पहले भी वे पिछले करीब दो माह में पांच करोड़ रुपये इसी प्रकार ले जा चुके हैं। पुलिस ने जब रुपये कहां से आए और रुपयों से संबंधित कागजात मांगे तो दोनों नहीं दिखा सके। जिस पर पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया और निजी पब्लिकेशन हाउस तथा निजी कालेज के स्वामियों को बुलाया है। इसके साथ ही आयकर विभाग की मुरादाबाद से टीम बुलाई गई है जो इतनी बड़ी रकम की आय के संबंध में समुचित जांच व पूछताछ कर सके।
एसपी के मुताबिक प्रारंभिक पूछताछ के आधार पर पता चला है कि दोनों कर्मी सिर्फ रकम ले जाने वाले कॅरियर के रूप में प्रयोग किए जा रहे हैं। पूछताछ के आधार पर स्वामियों को बुलाया गया है। एसपी ने कहा कि इस प्रकार इतनी बड़ी रकम लेकर जाना भी जोखिम भरा है, कोई भी अनहोनी भी हो सकती थी।