मुरादाबाद। मझोला थाना क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर तालाब में डूबकर दो लोगों की मौत हो गई। शुक्रवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शवों को उनके परिजनों को सौंप दिया।
मझोला क्षेत्र के जयंतीपुर चामुंडा गली निवासी सेवानिवृत्त फौजी आदेश कुमार का 27 वर्षीय बेटा आकाश उर्फ बबलू बुधवार को अपने दोस्तों के साथ मोहल्ले में ही तालाब में नहाने के लिए गया था। नहाते समय आकाश डूब गया था। दोस्तों ने इसकी जानकारी परिजनों को दी थी। पुलिस और परिजन उसकी तलाश में जुटे थे। शुक्रवार को तालाब में आकाश का शव मिल गया।
वहीं मझोला क्षेत्र के जयंतीपुर बगिया वाली गली निवासी भूरा (52) मानसिक रूप से कमजोर था। बृहस्पतिवार सुबह वह घर से बिना बताए चला गया था। बृहस्पतिवार शाम को तालाब में उसका शव पड़ा मिला। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक की पहचान कराई। इसके बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। सीओ सिविल लाइंस अर्पित कपूर ने बताया कि पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।