मुरादाबाद। कांठ रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को ट्रेनों की सघन टिकट चेकिंग के दौरान अफरा तफरी का माहाैल रहा। इस दाैरान धामपुर के दो यात्री स्टेशन पर बेहोश हो गए। इसमेंं एक महिला और एक पुरुष यात्री शामिल था। सूचना पर इनके परिजन भी स्टेशन पहुंच गए। रेलवे की ओर से इन यात्रियों को डॉक्टर को दिखाया गया। इसके बाद परिजनों को तसल्ली हुई। परिजन उन्हें अपने साथ ले गए।
रेलवे के मुताबिक रेल मजिस्ट्रेट सर्वेश मिश्रा और एसीएम एचएस मीना के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दाैरान ट्रेनों और स्टेशन पर यात्रियों के टिकट जांचे गए। टिकट और यात्री नियमों का उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना लगाया गया। रेलवे की टीम सड़क मार्ग से बस द्वारा कांठ रेलवे स्टेशन पर पहुंची और अचानक चेकिंग की। अभियान में बिना टिकट के 160 यात्रियों पर पेनाल्टी लगाई गई।
इनसे 1.12 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया। इसके अलावा नौ लोगों को एसीजेएम मुरादाबाद न्यायालय के समक्ष पेश किए जाने के लिए जीआरपी को सौंपा गया। चेकिंग के लिए रेलवे ने बड़ी टीम उतारी थी। अभियान में 23 चेकिंग स्टाफ, 10 आरपीएफ और सात जीआरपी कर्मी शामिल रहे। सीआईटी भावेश शर्मा और टिकट चेकिंग टीम ने यात्रियों के टिकटों के साथ रेलवे के नियमों की भी जांच की।
सीनियर डीसीएम महेश यादव ने बताया कि जो यात्री बेहोश हुए थे, उनमें से एक को पहले से दौरे पड़ने की समस्या है। परिजनों ने खुद यह बात स्वीकार की है। रेलवे की ओर से उन्हें डॉक्टरी परामर्श दिला दिया गया। दूसरे यात्री के परिजनों से भी टीम ने बात कर उन्हें संतुष्ट किया।