मुरादाबाद। मूंढापांडे थानाक्षेत्र के गोविंदपुर गांव में बुधवार को चुनावी रंजिश को लेकर दो पक्ष भिड़ गए। इसमें पांच घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घायलों को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
ग्राम पंचायत गोविंदपुर में दूल्हा हसन प्रधान निर्वाचित हुए हैं। इस पक्ष के मुजफ्फर अली, मोहब्बत अली और उनका लड़का मुर्तजा गोविंदपुर स्थित सेठ धर्मकांटे पर बैठे थे। उनका आरोप है कि पराजित प्रत्याशी मुराद अली के समर्थक इरफान, गुफरान, शहनावाज, खालिद वहां आ गए। उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी और चुनाव की हार जीत को लेकर आपत्तिजनक शब्द कहे। इसे लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई। लाठी-डंडे व चाकू भी चले। प्रधान दूल्हा हसन समर्थक मुजफ्फर अली, मोहब्बत अली तथा अख्तर अली के चोटें आईं हैं। दूसरे पक्ष के फुरकान तथा वसीम भी चोटिल हुए हैं। सभी घायलों का उपचार मूंढापांडे सीएचसी में कराया गया। फुरकान का आरोप है हम गेहूं का कांटा कराने जा रहे थे, उधर से दूल्हा हसन समर्थक मुजफ्फर अली जश्न मना रहे थे। हमें देखते ही गाली-गलौज करने लगे और मारपीट कर दी। मूंढापांडे थाना प्रभारी नवाब सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।