उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले की पुलिस की गोली लगने से हत्या के दो आरोपी घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दरअसल, पुलिस हत्या के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर थाने ला रही थी, इसी दौरान रास्ते में दोनों भागने की कोशिश, इस पर पुलिस ने फायर किया, जिससे दोनों के पैर में गोली लग गई।
आपको बता दें कि रामपुर के टांडा के ग्राम लालपुर कलां में चुनावी रंजिश के चलते ग्राम प्रधान के जेठ व उसके चचेरे ससुर पर गोलियां चला दी थीं। जिसमें ग्राम प्रधान के जेठ की मौत हो गई थी। इस मामले पुलिस ने सात नामजद और दो अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया था।
पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही थी। इस बीच मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दो हत्यारोपियों को दिल्ली एयरपोर्ट के पास से गिरफ्तार कर लिया। रास्ते में टांडा थाना क्षेत्र के ग्राम प्रानपुर के पास शौच के लिए रूकने के दौरान दोनों हत्यारोपी पुलिस को धक्का देकर भागने लगे, जिसके बाद पुलिस ने फायर किया। इस बीच दोनों हत्यारोपियों के पैर में गोली लग गई, जिससे वो घायल हो गए। पुलिस ने दोनों घायल हत्यारोपियों को जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया है।
मंगलवार को लालपुर कलां में पूर्व प्रधान मोहम्मद हारून अपने भतीजे और मौजूदा ग्राम प्रधान तबस्सुम के जेठ वसीम के साथ घर के बाहर बैठे थे। इस दौरान अचानक गली में दाखिल हुए कुछ लोगों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान वसीम के चेहरे पर दाईं ओर गोली लगी और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
वहीं, ठोड़ी पर बाई ओर गोली लगने से मोहम्मद हारून गंभीर रूप से घायल हो गए थे। जिसके बाद पुलिस ने मोहम्मद अनस की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर दानिश, रियाज, नाजिम, राहत, हारुन, शौकत और जुनैद के साथ ही दो अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। इसके बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई।
इस बीच पुलिस को दो आरोपियों के बारे में दिल्ली में होने की जानकारी मिली। जिस पर पुलिस दिल्ली पहुंच गई। टांडा पुलिस ने दो आरोपी हारून और राहत को मंगलवार रात को दिल्ली एयरपोर्ट के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस दोनों को पकड़कर थाने ला रही थी। इस बीच बुधवार को तड़के रास्ते में टांडा क्षेत्र में प्रानपुर गांव के पास एक आरोपी ने पुलिस से शौच जाने की बात कही।
जिस पर पुलिस ने वाहन को रोक लिया। इस दौरान दोनों आरोपी पुलिस को धक्का देकर भागने लगे, इस पर पुलिस ने फायर किया। पुलिस की गोली दोनों आरोपियों के पैर में लग गई। इसमें दोनों घायल हो गए। पुलिस दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल ले आई। वहां दोनों को उपचार चल रहा है।