मुरादाबाद। मूंढापांडे थाना क्षेत्र के ग्राम चमरुआ निवासी शौकीन ने गांव के एक ही परिवार के तीन लोगों पर सऊदी अरब स्थित एक कंपनी में नौकरी लगवाने का झांसा देकर ढाई लाख रुपये की ठगी करने का आरोप लगाया है। एसएसपी ने मामले की जांच एसएचओ को सौंपते हुए पांच दिन के भीतर रिपोर्ट मांगी है।
शौकीन ने एसएसपी को प्रार्थना पत्र देते हुए बताया कि वह खेती किसानी व मेहनत मजदूरी कर अपनी पत्नी व बच्चों का पेट पालता है। आरोप है कि गांव के ही एक व्यक्ति व उसके दो पुत्रों ने सऊदी अरब की कंपनी में खुद की जान पहचान अच्छी बताते हुए उसे कोई बेहतर काम दिलाने का झांसा दिया और इसके बदले करीब 11 माह पहले ढाई लाख रुपये ले लिए। लेकिन न तो उन लोगों ने उसे सऊदी अरब की किसी कंपनी में काम दिलाया और न ही दी गई धनराशि ही वापस कर रहे हैं। शिकायतकर्ता का आरोप है कि धनराशि मांगने पर मारपीट पर उतारू हो जाते हैं तथा उल्टे उस पर ही रुपये लेने का झूठा आरोप लगाकर शिकायत कर रहे हैं। एसएसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मूंढापांडे एसएचओ को मामले की स्वयं जांच करते हुए पांच दिन में रिपोर्ट देने के आदेश दिए हैं।