मुरादाबाद। मझोला थाना क्षेत्र निवासी महिला और उसकी सहेली से नौकरी का झांसा देकर 2.80 लाख रुपये ठग लिए। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने दीवान का बाजार निवासी आरोपी महिला शालिनी शर्मा और उसके भाई संजय शर्मा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एकता कॉलोनी निवासी ललिता शर्मा ने एसएसपी के समक्ष पेश होकर गत दिवस बताया था कि दीवान के बाजार चौरासी घंटा मंदिर के पास रहने वाली शालिनी शर्मा का उसके घर आना-जाना था। ललिता की सास ऊषा शर्मा की सहेली है और दोनों हरिद्वार की एक संस्था से जुड़ी हैं। आरोप है कि शालिनी ने ललिता की सास को ललिता की सरकारी नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाते हुए खर्च के नाम पर 1.40 लाख रुपये खर्च होना बताया। शालिनी की बातों में आकर ललिता शर्मा ने बिजनौर के धामपुर के गांव नीदड़ निवासी सहेली गुफराना को भी जानकारी दे दी। दोनों ने अपनी-अपनी सरकारी नौकरी लगवाने के लिए शालिनी शर्मा के पास दो लाख अस्सी हजार रुपये दे दिए। इसके बाद महिला ने काफी समय तक दोनों को फर्जी ढंग से ट्रेनिंग करवाई। वेतन न मिलने पर पूछताछ की तो वह टाल मटोल करती रही। पैसा मांगने पर उसे अपने भाई संजय शर्मा का एक चेक भी दिया जो खाते में पैसा न होने के कारण बाउंस हो गया। इसकी शिकायत करने पर शालिनी ने गाली गलौज कर धमकाना शुरू कर दिया। ललिता ने इसकी शिकायत एसएसपी से की। एसएचओ मझोला राकेश कुमार सिंह ने बताया कि महिला की शिकायत पर आरोपी शालिनी शर्मा और उसके भाई संजय शर्मा के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।