मुरादाबाद। कोरोना की चपेट में आने से मरने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है। टीएमयू में भर्ती मुरादाबाद के दो लोगों की मौत हो गई। वहीं, आरटीपीसीआर ग्रेटर नोएडा, निजी लैब और रैपिड एंटीजन टेस्टिंग में 43 नए कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। मरीजों को कोविड केयर सेंटर और अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। जिले में अब तक संक्रमण से मृतकों की संख्या बढ़कर 64 और संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 2341 पहुंच गया है।
सीएमओ डा. एमसी गर्ग ने बताया कि मझोला निवासी 71 वर्षीय बुजुर्ग की टीएमयू में गुरुवार देर रात मौत हो गई। बुजुर्ग दो अगस्त को पॉजिटिव आए थे। बुजुर्ग एक वृद्ध आश्रम में रहते थे। बुखार और सांस लेने की शिकायत पर उनकी जांच कराई गई थी और पॉजिटिव आने पर टीएमयू में भर्ती थे। नागफनी निवासी 72 साल की महिला ने भी टीएमयू में गुरुवार देर रात दम तोड़ दिया। महिला को 30 जुलाई को पॉजिटिव आने पर टीएमयू में भर्ती कराया गया था।
सीएमओ के मुताबिक शुक्रवार को 43 कोरोना के नए मरीज मिले हैं। इनमें 12 संक्रमित आरटीपीसीआर लैब ग्रेटर नोएडा से आए हैं। दो मरीज गाजियाबाद के निजी अस्पताल से रेफर हुए हैं। रैपिड एंटीजन टेस्टिंग में 31 मरीज मिले हैं। शुक्रवार को 1751 लोगों के रैपिड टेस्ट हुए और इनमें 1684 निगेटिव आए हैं। एंटीजन में डिलारी, ठाकुरद्वारा, कांठ, मूंढापांडे और मझोला से एक-एक संक्रमित मिला है। भोजपुर से पांच, ताजपुर से छह पॉजिटिव आए हैं। कुंदरकी और टाउन हॉल से दो-दो, बंगला गांव, किसरौल और बरबलान से तीन-तीन संक्रमित मिले हैं।
एंटीजन से अब तक 702 मरीज मिले
मुरादाबाद। रैपिड एंटीजन टेस्टिंग से अब तक मुरादाबाद जिले में 702 कोरोना पॉजिटिव मिल चुके हैं। 23735 लोगों की जांच हो चुकी है। इनमें 23033 निगेटिव आए हैं। सर्वाधिक 275 मरीज हरथला क्षेत्र में पीटीसी, पीएसी और पुलिस लाइन से मिले हैं।