मुरादाबाद। योगी सरकार ने विधानसभा में वित्तीय वर्ष 2019-20 का पहले अनुपूरक बजट में मुरादाबाद की सीवरेज योजना के दूसरे चरण की 220.78 करोड़ की किस्त मंजूर की है।
सीवरेज योजना पहले चरण में शासन से 279 करोड़ रुपये का प्रोजेक्ट स्वीकृत हुआ था। पहले चरण में जोन एक में जिगर कॉलोनी, सिविर लाइंस, कटघर, गुलाबबाड़ी और दिल्ली हाईवे से जुडे करीब 80 हजार घरों को सीवर लाइन से जोड़ा जाना था। इसके लिए दो मुख्य पंपिंग स्टेशन एमपीएस और नौ इंटरमीडिएट पंपिंग स्टेशन आईपीएस भी बनाए गए। जून 2016 में शासन से पहली किस्त जारी होने के बाद प्रोजेक्ट लेट लतीफी की भेंट चढ़ गया। सिर्फ कटघर का नाला और 2550 घरों को ही एसटीपी से जोड़ा जा सका है। अब जलनिगम दिसंबर 2019 तक पहले चरण के काम पूरे किए जाने हैं। दूसरे चरण के लिए जलनिगम ने ई टेंडर भी जारी किए हैं। अब दूसरे चरण की सीवर लाइन बिछाने के लिए 220.78 करोड़ रुपये जारी होने के बाद काम में ज्यादा तेजी आने की उम्मीद है।
00
बरेली मंडल को भी मिला तोहफा
प्रस्ताव के मुताबिक अमृत योजना के तहत शाहजहांपुर के सेंट्रल जोन, सब जोन एक व दो में सीवरेज से संबंधित कार्यों के अलावा एक सीवरेज शोधन संयत्र (एसटीपी) लगाया जाना है। जिसके लिए 377.51 करोड़ रुपये खर्च किया जाना है। इसी तरह बरेली के सेंट्रल जोन के फेज-3 में ब्रांच सीवर लाइन डालने और घरों को सीवरलाइन से जोड़ने का कार्य कराया जाना है। जिसके लिए 212.20 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।