बिलारी। थाना क्षेत्र के ढकिया नरु गांव से किशोरी का अपहरण किए जाने की रंजिश में बुधवार दोपहर दो पक्षों में मारपीट हो गई। किशोरी के अपहरण के आरोपी युवक की बहनों के साथ किशोरी पक्ष के युवकों पर मारपीट का आरोप लगाया गया।
पुलिस ने इस मामले में मंगलवार को दो युवकों को शांतिभंग करने में अदालत में चालान किया था। बुधवार दोपहर फिर विवाद हो जाने पर दो युवकों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।
ढकिया नरु गांव निवासी 15 वर्षीय किशोरी अपने गांव के ही सिलाई कढ़ाई सेंटर पर सिलाई सीखने जाती है। किशोरी की मां का आरोप है कि तीन दिन पहले ग्वारऊ गांव निवासी एक युवक उसकी बेटी को बहला फुसलाकर अपहरण करके ले गया।किशोरी की मां की ओर से इस आशय की तहरीर मंगलवार सुबह थाने पहुंचकर दी गई थी।
पता चला है कि पुलिस ने जब आरोपी पक्ष पर दबाव बनाया तब मंगलवार को किशोरी अपहरणकर्ताओं के चंगुल से छूटकर अपने घर चली गई।
थाना बिलारी के हल्का दरोगा ने ग्वारऊ गांव निवासी आरोपी युवक और थाना चंदौसी के असालतपुर जारई गांव निवासी उसके रिश्तेदार युवक को मंगलवार को शांतिभंग करने के आरोप में गिरफ्तार कर एसडीएम न्यायालय में चालान कर दिया। अदालत से जमानत मिल जाने पर बुधवार दोपहर दोनों युवक रिमांड की तारीख पर हाजिरी करके वापस अपने घर लौट रहे थे तभी नगर में गांधी पार्क के निकट खड़े मिले किशोरी पक्ष के लोगों ने उन्हें पीटना शुरू कर दिया।
इस दौरान आरोपी युवक की ग्वारऊ और खंडुआ गांव निवासी दो मौसेरी बहनें भी गांधी पार्क चौराहे पर पहुंच गईं। बिलारी थाना प्रभारी का कहना है कि शांति व्यवस्था बनाए रखने के उददेश्य से जैसी जरूरत होगी वैसी कार्रवाई की जाएगी।