कांठ। रास्ते में से कूड़े की ठेली हटाने को लेकर दो पक्षों में कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। इस दौरान चले लाठी-डंडों और धारदार हथियार चले। जिनसे दोनों पक्षों के सात लोग घायल हो गए।
कस्बा उमरी कलां के मोहल्ला जुमे का बाजार में शुक्रवार की सुबह नगर पंचायत का एक कर्मचारी शरीफ अहमद के घर के पास कूड़े की ठेली लेकर जा रहा था। तभी मोहल्ले में फल बेच रहे वाजिद ने उसे रास्ते में से ठेली हटाने को कहा। इसी बात को लेकर शरीफ अहमद और वाजिद में कहासुनी हो गई। इस दौरान देखते ही देखते सुनकर दोनों पक्षों के अन्य लोग भी आए गए। इनमें गाली-गलौज व कहासुनी के बाद जमकर लाठी-डंडे और धारदार हथियार चले।
जिसमें शरीफ अहमद इनके भाई हाजी शफीक उर्फ भूरे, नसीम और शकील तो वहीं दूसरे पक्ष के साइम, शमीम और वाजिद गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों पक्षाें के लोग लहूलुहान हालत में थाने पहुंचे और एक-दूसरे पर आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की गुहार लगाई। पुलिस ने सभी को इलाज और मेडिकल परीक्षण के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा।
जहां से चिकित्सकों ने शरीफ अहमद, हाजी शफीक उर्फ भूरे, नसीम व दूसरे पक्ष के साइम, शमीम को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
इस मामले में थाना प्रभारी निरीक्षक सुदेश पाल सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों में ठेली हटाने को लेकर कहासुनी के बाद मारपीट हुई है।
घायलों का सरकारी अस्पताल में इलाज और मेडिकल परीक्षण कराया गया है। एक पक्ष के शकील की ओर से छह और दूसरे पक्ष के वाजिद की तरफ से पांच लोगों के खिलाफ कार्रवाई के लिए तहरीर दी गई हैं। जिनके आधार पर आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा रही है। आगे विवेचना में जो भी तथ्य सामने आएंगें, उनके आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।