फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Moradabad News: रुद्रपुर फैक्ट्री में काम करते हुए दो सहेलियों को हुआ प्यार, राजस्थान में रचाई शादी

Mon, 27 Apr 2026 01:22 AM IST
मुरादाबाद ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, मुरादाबाद
विज्ञापन
विज्ञापन
बिलारी। उत्तराखंड के रुद्रपुर में एक धागा फैक्ट्री में काम करने के दौरान दो सहेलियों में प्यार हो गया। घरवालों को बताए बिना दोनों राजस्थान के एक मंदिर में पहुंचीं और शादी कर ली। बिहार की युवती पति बनी जबकि बिलारी की युवती पत्नी।
विज्ञापन

कुछ दिन बाद बिलारी की युवती के परिजनों ने दोनों को विश्वास में लेकर गांव बुलाया। बिलारी की युवती के पिता की शिकायत पर पुलिस दोनों को थाने ले आई। परिजनों ने कई घंटे तक समझाने का प्रयास किया, लेकिन दोनों साथ रहने की जिद पर अड़ी रहीं। दोनों युवतियों के बालिग होने के कारण पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर पाई। इसके बाद दोनों युवतियां बिहार चली गईं। यह मामला दिन भर क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा।
000000000000000

रुद्रपुर में हुई थी दोनों युवतियों की मुलाकात

थाना बिलारी के एक गांव निवासी एक मजदूर एक साल पहले अपनी 23 वर्षीय बेटी के साथ रुद्रपुर की धागा फैक्ट्री में मजदूरी करने गया था। वहीं बिहार की 21 वर्षीय युवती भी काम करती थी। बिहार की युवती मजदूर के परिवार के साथ किराए के मकान में रहने लगी थी। धीरे-धीरे बिहार की युवती और मजदूर की बेटी में निकटता बढ़ गई। मजदूर के अनुसार, लगभग ग्यारह माह पहले बिहार की युवती ने उसकी बेटी को तंत्र क्रिया करके गुमराह किया और बहलाकर अपने साथ ले गई थी। बाद में फोन पर पूछने पर बिहार की युवती ने बताया कि उन्होंने आपस में शादी कर ली है। तुम्हारी बेटी मेरी पत्नी और मैं उसकी पति हूं।
विज्ञापन

0000000000000

दोनों युवतियों को विश्वास में लेकर गांव बुलाया, पर दोनों को अलग नहीं कर पाए
सप्ताह भर पहले मजदूर की दूसरी बेटी की शादी थी। मजदूर और उसकी पत्नी ने दोनों युवतियों को बार-बार फोन करके विश्वास में लिया। उन्होंने कहा कि उनके रिश्ते से किसी को एतराज नहीं है। वे केवल घरवालों और रिश्तेदारों से मिलने गांव आ जाएं। शादी में दोनों युवतियां गांव आ गईं। यहां उनके आपस में रहने के तरीके से परिजनों को आपत्ति हुई।

रविवार की सुबह युवती के पिता ने डायल 112 पर फोन किया। उन्होंने थाने पहुंचकर बिहार निवासी युवती पर तंत्र क्रिया और बेटी को बहलाने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज करने की तहरीर दी। पुलिस तत्काल दोनों युवतियों को थाने ले आई और उनसे पूछताछ की। बिहार निवासी युवती ने पुलिस को बताया कि युवती ने ही शादी का प्रस्ताव रखा था और उसी के कहने पर रुद्रपुर से राजस्थान जाकर एक मंदिर में उन्होंने शादी की थी। युवती को उसके माता-पिता और रिश्तेदारों ने काफी समझाया, लेकिन वह अपनी पति बनी युवती के साथ रहने की जिद पर अड़ी रही। थाना बिलारी प्रभारी उदय प्रताप सिंह ने बताया कि दोनों युवतियों को काफी समझाया गया लेकिन वह आपस में रहने की जिद पर अड़ी रहीं। दोनों युवतियों के बालिग होने की वजह से उन्हें अपनी मर्जी अनुसार जाने के लिए छोड़ दिया गया।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें