मुरादाबाद। होली पर आकस्मिक स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर सेहत महकमा अलर्ट हो गया है। आज (रविवार) से तीन दिन तक चौबीस घंटे जिला अस्पताल की इमरजेंसी में दो डाक्टरों की तैनाती रहेगी। इमरजेंसी मेडिकल आफिसर के साथ विशेषज्ञ डाक्टरों की ड्यूटी रहेगी। वहीं सभी डाक्टर ऑन कॉल रहेंगे। इन डाक्टरों को इमरजेंसी में पंद्रह मिनट में पहुंचना होगा।
सोमवार को धूमधाम से रंगों का त्योहार मनाया जाएगा। होली पर रंगों से सराबोर होकर युवक जमकर हुड़दंग करते हैं। दूसरी ओर कोरोना संक्रमण का खतरा भी बढ़ा है। ऐसे हालात को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग इस बार होली से एक दिन पहले से ही स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर अलर्ट रहेगा। ये अलर्ट होली के दूसरे दिन भी जारी रहेगा। इस दौरान तीन दिनों तक आकस्मिक सेवाओं के लिए जिला अस्पताल के कंट्रोल रूम में दो डाक्टरों की तैनाती रहेगी। आई सर्जन और जनरल सर्जन की ड्यूटी रहेगी। फार्मेसिस्ट और स्टाफ नर्स भी मौजूद रहेंगी। इसके अलावा वार्र्डों में भी पूरा स्टाफ तैनात रहेगा। जिला अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डा. राजेंद्र कुमार ने बताया कि होली से एक दिन पहले और बाद तीन दिन तक इमरजेंसी में दो डाक्टरों की ड्यूटी लगाई गई है। सभी डाक्टर ऑन कॉल रहेंगे, ताकि जरूरत पड़ने पर पंद्रह मिनट में बुलाया जा सके।