मुरादाबाद मंडल में बुखार का कहर बढ़ता जा रहा है। वायरल और डेंगू अब जानलेवा हो रहे हैं। गुरुवार को भी मंडल के जनपद संभल के चंदौसी में बुखार से एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि जनपद अमरोहा निवासी एक युवक की दिल्ली में डेंगू से मौत हो गई। इस अलावा अमरोहा में एक और डेंगू आशंकित मिला है। अब तक मंडल में डेंगू आशंकितों की संख्या 100 के करीब पहुंच चुकी है।
संभल के गुन्नौर संयुक्त चिकित्सालय क्षेत्र के भकरौली गांव में युवक की बुखार से मौत हो गई। भकरौली गांव निवासी कल्लू के पुत्र सलमान (18) की आगरा-मुरादाबाद हाईवे पर बाल काटने की दुकान है। उसे कई दिनों से बुखार आ रहा था, लेकिन वह गुरुवार की सुबह अपनी दुकान पर बाल कटिंग कर रहा था। काम करते समय अचानक टेबल पर बैठ गया और फिर एक तरफ गिर गया।
सूचना पर उसका भाई पहुंचा, युवक को बबराला के अस्पताल में लाया गया लेकिन वहां से उसे अलीगढ़ रेफर कर दिया गया। लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। उसकी मौत से घर में कोहराम मच गया। बताते हैं कि गांव में दो महीने पहले भी एक युवक रोहित पुत्र प्रवेश कुमार की मौत मौत हो चुकी है।
अमरोहा के सैदनगली क्षेत्र के गांव ढक्का मोड़ निवासी युवक की दिल्ली में डेंगू से मौत हो गई। वह दिल्ली में मजदूरी करता था। पिछले कुछ दिनों से वह बुखार से पीड़ित था। प्लेटलेट्स कम होने पर युवक के मुंह और नाक से खून आने लगा था। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। ढक्का मोड़ निवासी गुल मोहम्मद (25) दिल्ली में छत की सीलिंग बनाने का काम करता है।