मुरादाबाद। टीएमयू में भर्ती एक कोरोना पॉजिटिव समेत दो लोगों की मौत हो गई। दूसरा मृतक कोरोना आशंकित है। वहीं, मेरठ से एक संक्रमित मरीज रेफर होकर आया है। केजीएमयू से जारी 270 सैंपल रिपोर्ट में 47 प्रतीक्षारत सैंपल ने स्वास्थ्य विभाग की बेचैनी बढ़ा दी है। जिले में कोरोना से मरने वालों की संख्या बढ़कर 20 पहुंच गई है। मेरठ से आए संक्रमित मरीजों को मिलाकर 426 हो गई है।
सीएमओ डा. एमसी गर्ग के मुताबिक भोजपुर के पीपलसाना निवासी 50 साल के कंटेनर चालक को 23 जून को टीएमयू में भर्ती कराया गया था। बुखार की शिकायत पर इससे पहले 20 जून को उसे मुरादाबाद के एक निजी अस्पताल में दिखाया गया। कोरोना की आशंका होने पर ट्रक चालक को टीएमयू रेफर किया गया। टीएमयू से उसकेा सैंपल हुआ और पॉजिटिव आ गया। शनिवार दोपहर करीब सवा तीन बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की चार लड़कियां और दो लड़के हैं। टीएमयू में भर्ती संभल के बनियाठेर नरौली कस्बा निवासी 70 साल के बुजुर्ग की भी शनिवार को मौत हो गई। बुुजुर्ग कोरोना आशंकित हैं। 25 जून को उनको भर्ती किया गया था और सैंपल कराया गया। रिपोर्ट आने से पहले ही उनकी मौत हो गई। मुरादाबाद के दौलतबाग निवासी 40 साल का कोरोना संक्रमित मेरठ से रेफर होकर आया है। मेरठ में उसका सैंपल कराया गया। पॉजिटिव आने पर उसे मुरादाबाद रेफर किया गया है। शनिवार को केजीएमयू से 270 लोगों की सैंपल रिपोर्ट जारी हुई। इनमें 223 निगेटिव और 47 प्रतीक्षारत हैं।
कोरोना मीटर
----------------
- आज संक्रमित 01
- कुल संक्रमित 426
- सक्रिय रोगी 90
- डिस्चार्ज मरीज - 311
- आज मौत 01
- अब तक मौत 20