मुरादाबाद। कटघर थाना क्षेत्र के पीतल नगरी में बुधवार की दोपहर एक महिला ने अपने पति से मोबाइल पर बात करने के बाद फंदे पर लटक कर जान दे दी। दो दिन पहले पति पत्नी की शादी की दूसरी सालगिरह थी लेकिन पति के घर में मौजूद नहीं होने के कारण सालगिरह नहीं मना पाए थे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और फोरेंसिक टीम भी बुला ली। जांच पड़ताल के बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।
एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह ने बताया कि कटघर के पीतल नगरी निवासी मनोज प्रजापति फर्म में नौकरी करता है। 11 मई 2024 को उसकी शादी कटघर के हनुमान मूर्ति तिराहे के पास रहने वाले यशवीर की बेटी काजल के साथ हुई थी। परिवार के लोगों ने पुलिस को बताया कि 11 मई को मनोज और काजल की शादी की दूसरी सालगिरह थी। पिछले साल की तरह इस बार भी सालगिरह को धूमधाम से मनाने की तैयारी थी लेकिन सालगिरह से एक दिन पहले मनोज 10 मई को किसी कार्य से दिल्ली चला गया था। उसे 15 मई को दिल्ली से वापस जाना था। बुधवार को घर में मनोज के दो भाई, भाभी, मां बाप मौजूद थे। बुधवार की दोपहर काजल ने अपने पति मनोज से फोन पर बातचीत की थी और खाना खाने के बारे में पूछा था। दोनों के बीच करीब दस मिनट बात हुई। मनोज ने खाना खाने की बात कही थी और फिर काजल से पूछा था कि उसने खाना खा लिया या नहीं। तब काजल ने बताया कि उसने खाना बना लिया है अब खाने की तैयारी कर रही है। इसके बाद फोन कट गया था। इसके बाद काजल अचानक कमरे में चली गई और काफी देर बाद वापस नहीं आई। दोपहर करीब दो बजे मनोज की मां ने काजल को आवाज दी लेकिन उसके कमरे से कोई जवाब नहीं आया। इसके बाद उसने कमरे में जाकर देखा तो काजल दुपट्टे के जरिए फंदे से लटकी हुई थी। सास की चीख पुकार सुनकर परिजन आ गए। आस पड़ोस के लोग भी आ गए। लोगों ने काजल को फंदे से उतारा लेकिन जब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।