ठाकुरद्वारा (मुरादाबाद)। गांव गोपीवाला में शुक्रवार को आवारा कुत्तों ने गांव निवासी मोहम्मद उमर (8) और ठाकुरद्वारा के मोहल्ला होलिका मंदिर निवासी शिवा पर हमला कर घायल कर दिया। परिजनों ने दोनों को उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया।
गांव गोपीवाला निवासी मोहम्मद उमर सुबह नौ बजे दुकान से मिठाई लेकर आ रहा था। इसी दौरान रास्ते में आवारा कुत्ते में उसके हाथ से मिठाई की पॉलिथीन छीनने की कोशिश की। बच्चे ने पॉलिथीन नहीं छोड़ी तो कुत्ते ने हमला कर दिया और कई जगह काटकर घायल कर दिया। बच्चे की चीख सुनकर आसपास के लोगों ने कुत्ते को भगाकर उसे बचाया। उधर नगर के मोहल्ला होलिका मंदिर निवासी शिवा घर पर घूम रहा था, जबकि उसके पिता खाना खा रहे थे। इसी दौरान आए कुत्ते को शिवा ने भगाने का प्रयास किया तो कुत्ते ने उसके हाथ में काट लिया। दोनों घायलों को नगर की सीएचसी पर लाया गया। उनके एंटी रेबीज इंजेक्शन लगाकर उनका उपचार किया गया।