मुरादाबाद। मझोला थाना क्षेत्र के आजादनगर में रुपयों के विवाद में दो युवकों को घर से खींचकर पीटा और अपहरण की कोशिश की। शोरशराबा होने पर आरोपी मौके से भाग गए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर सात नामजद और 12 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
विज्ञापन
मझोला के मोहल्ला आजादनगर निवासी जब्बार हुसैन ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि कुंदरकी के डोमघर निवासी बाबू से रुपयों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा है। 24 जनवरी की दोपहर करीब 3:30 बजे वह अपने घर में मौजूद था। आरोप है कि इसी दौरान बाबू अपने बेटे सुहैल, दामाद आस पाशा, अयाज, कैफ, उसके भाई सैफ, रजा पाशा और 12 अज्ञात लोग उसके घर आ गए।
जब्बार का आरोप है कि सभी ने उनके बेटे हिफजुर, रहमान को घर से खींच लिया और विरोध करने पर दोनों की जमकर पिटाई की। इस घटना में दो भाई घायल हो गए। आरोपियों ने दोनों को अगवा करने की कोशिश की। शोर शराबा होने पर लोग इकट्ठा हुए तो आरोपी धमकी देकर भाग गए। सीओ सिविल लाइंस कुलदीप गुप्ता ने बताया कि तहरीर के आधार पर सात नामजद और 12 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।