मुरादाबाद। कोतवाली क्षेत्र के लाल बिल्डिंग इलाके में पेयजल की समस्या का स्थायी निस्तारण नहीं हो पा रहा है। शुक्रवार को भी लोग गंदे पानी के साथ लो प्रेशर की समस्या से जूझते नजर आए। गुस्साए लोगों ने कहा कि जलकल विभाग ने समस्या के स्थायी समाधान के लिए नलकूप का निर्माण कराया है, लेकिन पिछले डेढ़ महीने से विभाग नलकूप भवन में बिजली का कनेक्शन तक नहीं ले पाया है। बिजली कनेक्शन न होने की वजह से नलकूप का संचालन नहीं हो पा रहा है और लोगों को पेयजल संकट से जूझना पड़ रहा है।
पेयजल की इस समस्या से क्षेत्र की करीब पांच हजार की आबादी लगातार जूझ रही है। दूषित पानी की वजह से कई लोगों ने किराये पर पानी के कैंपर लेने शुरू कर दिए हैं। जबकि कई घरों में आरओ लगवा लिए हैं। लोगों का आरोप है कि लो प्रेशर की वजह से नलों में पानी नाममात्र आ रहा है और जो पानी आता भी है तो वह पीने के लायक नहीं होता है। पानी बदबूदार और मटमैला सप्लाई हो रहा है। शिकायत पर पता चला कि लीकेज की वजह से यह दिक्कत है, जिसे ठीक कराया जा रहा है।
लाल बिल्डिंग क्षेत्र के ही भरत अरोड़ा का कहना है कि मोटर चलाने के बावजूद पानी छत पर रखी टंकी पर नहीं पहुंच पा रहा है। रोजमर्रा की जरूरतों के लिए भी लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
पार्षद देशरत्न कत्याल ने बताया कि उन्होंने अधिकारियों से इस संदर्भ में बातचीत की है। अगले एक से दो दिनों में पानी की सप्लाई ठीक होने की उम्मीद है। नए नलकूप के संचालन के लिए बिजली कनेक्शन भी जल्द कराने का आश्वासन निगम की ओर से दिया गया है। पार्षद ने कहा कि क्षेत्र में एक बड़े नलकूप का निर्माण हो रहा है। इस कार्य को जल्द पूरा कराना चाहिए ताकि हजारों लोगों को इस समस्या का स्थायी निस्तारण मिले।