रामपुर। ग्रामीण क्षेत्र के रोगियों के लिए बिना दाैड़े एक्स-रे की बड़ी सुविधा मिलेगी। जिले को एक पोर्टेबल एक्स-रे मशीन मिली है। इस मशीन की कीमत 28 लाख रुपये बताई जा रही है। जिसे सीएमओ ने क्षय रोग नियंत्रण यूनिट को दिया है। दूसरी मशीन जिला अस्पताल को मिलने वाली है।
इसे खरीदने के लिए जिला अस्पताल को 12.98 लाख रुपये अभी चार दिन पहले ही मिले हैं। क्षय रोग नियंत्रण यूनिट में पोर्टेबल एक्स-रे मशीन की सुविधा हो जाने से अब जहां स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को टीबी रोगियों की पहचान करना आसान हो जाएगा। वहीं रोगियों को एक्स-रे के लिए सरकारी अस्पतालों में नहीं जाना पड़ेगा। स्वास्थ्य कार्यकर्ता अपने साथ इस पोर्टेबल एक्स-रे मशीन ले जा सकेंगे और वहीं गांव या वार्डों में ही खांसी-हांफने वाले रोगी का एक्स-रे कर टीबी की पहचान कर सकेंगे।
वैसे तो ग्रामीण क्षेत्र के सरकारी अस्पताल में एक्स-रे की सुविधा कम ही होती है और रोगी को एक्स-रे के लिए जिला अस्पताल या प्राइवेट में जाना पड़ता है। इस तरह उनमें टीबी की पहचान देर से हो पाती है और इसी चक्कर में उनके इलाज में लेटलतीफी रहती है। लेकिन, आधुनिक संसाधन जुटने के बाद अब रोगियों के लिए एक्स-रे बहुत ही आसान हो गया है।