fire in tuck on moradabad highway
- फोटो : अमर उजाला
थाना क्षेत्र की ढेला नदी के पुल पर ओवर लोड गन्ने की खोई से भरा ट्रक एचटी लाइन से टकरा गया। तार से टकराते ही खोई ने चिंगारी पकड़ ली। ट्रक में आग लग गई। थोड़ी ही देर में धू-धूकर ट्रक जलने लगा। हाईवे पर ट्रक में आग लगती देख वाहन रुक गए। परिचालक झुलस गया। दमकल को सूचित किया गया। जिसके बाद आग पर काबू पाया गया।
सोमवार को अमरोहा जिले की हसनपुर तहसील की चांदपुर रहरा श़ुगर मिल से 10 टायरा ट्रंबा लगभग पांच फिट ओवर लोड कर गन्ने की खोई यानि बोकास भर कर काशीपुर की नैनी पेपर मिल जा रहा था। ट्रक पर चालक सुभाष पुत्र भगवत तथा परिचालक अंकित पुत्र जगदीश निवासीगण नगर पंचायत उझारी जिला अमरोहा तैनात थे।
नगर की ढेला नदी पुल पर दोपहर बाद जैसे ही ट्रक आया ट्रक चालक की लापरवाही से ओवर लोड ट्रक 11 हजार वोल्टेज की लाइन से टकराया और ट्रक में करंट आ गया। चालक तुरंत ट्रक से नीचे उतरा गया तथा परिचालक करेंट से झुलस गया।
सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष धीरज सिंह सोलंकी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे उन्होंने ट्रक में आग लगी देखकर वाहनों को दोनों तरफ रोक दिया और काशीपुर की दिशा से आ रहे वाहनों को ग्राम धारकनगला से मुरादाबाद को मोड़ दिया।
दमकल को सूचना दी गई। मुरादाबाद से पहुंची दमकल की गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। करीब डेढ़ घंटे बाद आग पर काबू पाया गया। घायल परिचालक को एंबुलेंस के माध्यम से सरकारी अस्पताल भेजा गया।