मुरादाबाद। भगतपुर थानाक्षेत्र में रहने वाली महिला ने ट्रक चालक पर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। महिला ने बताया कि आरोपी ने मोबाइल से उसका वीडियो बना लिया था। वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल कर रहा है। पीड़ित ने एसएसपी कार्यालय में प्रार्थना पत्र देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई है।
पीड़ित महिला ने बताया कि उसका पति छत्तीसगढ़ में काम करता है। महिला यहां अपने बच्चों को साथ लेकर रहती है। महिला ने बताया कि उसके गांव में रहने वाला ट्रक चालक छह माह पहले उसके घर में घुस आया था। आरोपी ने महिला के साथ दुष्कर्म किया। तब आरोपी ने मोबाइल से वीडियो भी बना लिया था। इस वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर आरोपी पीड़ित को छह माह से ब्लैकमेल कर रहा है। महिला ने बताया कि 25 सितंबर को भी आरोपी ट्रक लेकर गांव में पहुंचा। आरोपी ने महिला के घर के सामने ट्रक खड़ा कर दिया और तमंचा लेकर घर में घुस आया। आरोपी ने तमंचे दिखाकर महिला के साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता ने बताया कि इसी डर में गांव छोड़कर अब शहर में आकर छिप कर रह रही है। महिला ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। एसएसपी कार्यालय से महिला के प्रार्थना पत्र को भगतपुर थाने भेज दिया गया है।