ठाकुरद्वारा। क्षेत्र के एक गांव में सोमवार को एक छात्रा ने ब्लैकमेलिंग से तंग आकर फंदे पर लटक कर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फॉरेंसिक टीम ने भी घटना स्थल पर पहुंचकर मामले की जांच की।
टीम ने घटना स्थल से सुसाइड नोट और अन्य वस्तुओं को जांच के लिए अपने साथ ले गयी है। गांव निवासी पूर्व जिला पंचायत सदस्य और उनके भाई की बीए की छात्रा थी। वह नगर के एक डिग्री कॉलेज में पढ़ती थी। उसने दोपहर करीब 2:30 बजे अपना कमरा बंद किया और दुपट्टे से फंदा बनायाकर कमरे के पंखे से लटक गई। काफी देर तक उसका कमरा नहीं खुला तो परिजनों ने किसी तरह खोला तो वह फंदे पर लटकी मिली उसे नीचे उतारते, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
सूचना पर सीओ आशीष प्रताप सिंह और कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक मनोज परमार भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटना के बारे में परिजनों से पूछताछ की। फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। सीओ आशीष प्रताप सिंह के अनुसार घटना की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट और फॉरेंसिक टीम की जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
उधर छात्रा के चाचा के अनुसार छात्रा गांव के एक युवक की ब्लैकमेलिंग से परेशान थी। उसने इसी के चलते आत्महत्या की है। उसने सुसाइड नोट में भी यह बात लिखी है। उसने लिका है कि पापा में आपकी उम्मीदों पर खरी नहीं उतर सकी और ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर अपनी जान दे रही हूं। आरोपी के खिलाफ पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।