मुरादाबाद। कटघर थानाक्षेत्र में रहने वाली एक युवती ने आरोप लगाया कि शादी के अगले ही दिन उसे कम दहेज के लिए ताने दिए गए। जब उसने इसका विरोध किया तो पति ने तीन तलाक दे दिया। एसएसपी ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
कटघर थानाक्षेत्र के ताजपुर रामपुर दोराहा निवासी युवती ने एसएसपी कार्यालय में प्रार्थनापत्र दिया है। उसने कहा है कि उसका निकाह 10 मार्च 2021 को दिल्ली में शास्त्री नगर थाना क्षेत्र के सराय रोहिल्ला निवासी युवक के साथ हुआ था। युवती ने बताया कि शादी के बाद जब वह दिल्ली अपनी ससुराल में पहुंची तो अगले ही दिन ससुराल वालों ने कम दहेज के लिए उसे ताने देने शुरू कर दिए। आरोप है कि 17 अप्रैल को उसे घर से बाहर निकाल दिया गया। किसी तरह वह अपने मायके पहुंची और मायके वालों को आपबीती सुनाई। 18 अप्रैल को पति व उसके परिजन युवती के मायके में आए। यहां आकर पति ने उसे बुरा भला कहा और फिर से अतिरिक्त दहेज की मांग की। इसके विरोध पर आरोपी पति ने तीन तलाक दे दिया। एसएसपी ने आरोपी पति के खिलाफ केस दर्ज करने के आदेश दिए हैं। ब्यूरो