मुरादाबाद। गाजियाबाद के साहिबाबाद के ट्रांसपोर्टर ने मैनाठेर थाना क्षेत्र में रहने वाले ट्रांसपोर्टर चाचा भतीजे के ट्रकों से माल ढुलवा लिया और 58 लाख रुपये का भाड़ा नहीं दिया। चाचा भतीजे ने भुगतान के लिए कहा तो आरोपी ट्रांसपोर्टर ने उनके साथ अभद्रता की और फायरिंग कर दी। इस मामले मैनाठेर थाने की पुलिस ने आरोपी ट्रांसपोर्टर, उसके बेटे और एक अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
मैनाठेर थाना क्षेत्र के असदपुर निवासी मो.जावेद और शादाब अली ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि वह दोनों आपस में चाचा भतीजे हैं। दोनों गाजियाबाद के साहिबाबाद में हबीबी एंटरप्राइजेज ट्रांसपोर्ट कंपनी चलाते हैं। चाचा भतीजे का कहना है कि साहिबाबाद ट्रांसपोर्ट एरिया के जानी बाॅर्डर चिकम्बपुर स्थित झारखंड बंगाल फ्राइट कैरियर प्रा.लि के मालिक दलजीत सिंह ने ट्रकों में माल लोड कराया था। दलजीत पर ट्रकों के भाड़े का 58 लाख रुपये बकाया है। कई बार तगादा करने के बाद भी दलजीत और उनके बेटे मुनींद्र सिंह ने 58 लाख रुपये का भुगतान नहीं किया। जिस कारण चाचा भतीजे के ट्रकों का संचालन रुक गया। आठ नवंबर 2025 को दलजीत सिंह की कंपनी ने उनकी गाड़ी पर बिहार के सीतामढ़ी के लिए माल लोड करा दिया। इसके बाद जब उनसे पैसा मांगा गया तो दलजीत सिंह और उनके बेटे ने भुगतान करने से मना कर दिया। इसके बाद लोड कराया गया माल से भरा ट्रक मैनाठेर के डींगरपुर में खड़ा करा दिया। इसकी जानकारी मिलने पर दलजीत सिंह, अपने बेटे मुनींद्र सिंह उर्फ काका और एक अज्ञात व्यक्ति के साथ उनके पास आ गया। आरोपियों ने झूठे केस में फंसाने की धमकी दी और अभद्रता की। आरोप है कि इस दौरान चाचा भतीजे पर फायरिंग कर दी गई। इसके बाद आरोपी भाग गए। एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर पिता पुत्र समेत तीन लोगों पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।