मुरादाबाद। कोहरे ने ट्रेनों की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है। ट्रेनों के घंटों विलंब से चलने के कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सुबह आने वाली ट्रेनें दोपहर में पहुंच रही हैं जबकि दोपहर के समय आने वाली ट्रेनें शाम को स्टेशन पहुंच रही हैं। ट्रेनों की लेटलतीफी से यात्रियों की यात्रा का समय बढ़ गया है।
कोहरे के कारण रेल यातायात प्रभावित होने लगा है। सुबह की समय कोहरा होने से ट्रेनों की रफ्तार धीमी करनी पड़ रही है। इसका असर दूसरी ट्रेनों के संचालन पर भी पड़ रहा है। निर्धारित समय पर स्टेशन पहुंचने की उम्मीद लेकर घर से निकले यात्रियों को घंटों प्लेटफार्म पर इंतजार करना पड़ रहा है।
रविवार को भी ट्रेनों की लेटलतीफी ने यात्रियों को परेशान किया। कई यात्री समय से पहले स्टेशन पहुंच गए लेकिन ट्रेन के निर्धारित समय पर नहीं आने से उन्हें प्लेटफार्म पर बैठकर इंतजार करना पड़ा। परिवार के साथ सफर करने वाले यात्रियों, बुजुर्गों और बच्चों को सबसे ज्यादा दिक्कत हुई। मालदा हरिद्वार स्पेशल ट्रेन (03437) को रविवार की दोपहर 1:20 बजे मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर पहुंचना था लेकिन यह ट्रेन शाम 7:33 बजे पहुंची। भुज-बरेली के बीच चलने वाली आला हजरत एक्सप्रेस एक घंटा, कोलकाता अमृतसर स्पेशल (04623) करीब नौ घंटे देरी से आई। आनंद विहार न्यूजलपाईगुड़ी स्पेशल ट्रेन करीब दो घंटे देरी से आई। देहरादून बनारस जनता एक्सप्रेस एक घंटा, 19 मिनट देरी से मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर पहुंची है। बरौनी चंडीगढ़ स्पेशल ट्रेन सात घंटे देरी से आई। सीनियर डीसीएम महेश यादव का कहना है कि यात्रियों की सुविधाओं के लिए स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है।