फिरोजाबाद में ट्रेनिंग कर रहे प्रशिक्षु सिपाही पर प्राथमिकी दर्ज होते ही उसके परिजन और रिश्तेदारों के तेवर नरम पड़ गए। शुक्रवार को उन्होंने एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह से मुलाकात की और वादा किया है कि प्रशिक्षु सिपाही युवती और उसके बच्चे को अपना लेगा।
इसके लिए उन्हें 24 घंटे का समय दिया जाए। इसके बाद ही पुलिस इस मामले में आगे की कार्रवाई का निर्णय लेगी। मझोला क्षेत्र की रहने वाली 23 वर्षीय युवती ने मझोला थाने में 24 दिसंबर को प्राथमिकी दर्ज कराई थी। जिसमें उसने बताया कि दो साल पहले उसकी मुलाकात अमरोहा के डिडौली थानाक्षेत्र के कुआंखेड़ा निवासी अनीत से हुई थी।
इसके बाद दोनों के बीच मोबाइल पर बातचीत होने लगी थी। अनीत ने उसे शादी करने का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए थे। इस बीच वह गर्भवती हो गई थी। आरोपी और उसके मौसेरे भाई जीवन और सुनील ने उसे गर्भपात कराने के लिए दवा खिला दी थी लेकिन दवा कराने के बाद भी उसे गर्भपात नहीं हुआ।
अनीत का चयन पुलिस विभाग में सिपाही के पद पर हो गया और वह जून में ट्रेनिंग करने फिरोजाबाद चला गया था। दोनों पक्षों में पंचायत के बाद 12 नवंबर को पीड़िता प्रशिक्षु सिपाही के घर चली गई और 26 नवंबर को अमरोहा के अस्पताल में बच्चे को जन्म दिया था।
इसके बाद अनीत और उसके परिजन दहेज की मांग करने लगे। विरोध करने पर युवती और उसके बच्चे को उसके पिता के घर छोड़ दिया था। इसके अलावा अनीत बच्चे को भी अपनाने से इन्कार कर दिया था। प्राथमिकी में अनीत के अलावा, उसके मां-बाप, बहन, भाई और रिश्तेदार भी आरोपी बनाए गए हैं।
प्रशिक्षु सिपाही के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के लिए रिपोर्ट बनाकर फिरोजाबाद भेजने की तैयारी की जा रही थी कि शुक्रवार को अनीत के पिता, अपने रिश्तेदारों के साथ एसपी सिटी कार्यालय पहुंच गए। उन्होंने डीएनए टेस्ट कराने की मांग रखी।
एसपी सिटी ने उन्हें बताया कि डीएनए टेस्ट तो कराएंगे ही साथ ही यह भी जांच की जाएगी कि अनीत ने युवती को मिलने के लिए मुरादाबाद बुलाया था या नहीं, दोनों के बीच हुई बातचीत की भी कॉल डिटेल खंगाली जाएगी।
इसके बाद अनीत के परिजन और रिश्तेदार बोले कि अनीत युवती और उसके बच्चे को अपना लेगा। उन्हें 24 घंटे दे दिए जाएंगे। इसके बाद ही आगे कार्रवाई की जाए। एसपी सिटी ने बताया कि शुक्रवार को प्रशिक्षु सिपाही के परिजन मिलने आए थे। उन्होंने 24 घंटे का समय मांगा है। अगर वह बच्चे को नहीं अपनाते हैं तो कार्रवाई की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।