मुरादाबाद-गाजियाबाद रूट पर यात्रियों की शरारत परेशानी का सबब बन गई। शनिवार को हापुड़-गाजियाबाद के बीच बुलंदशहर तिलक ब्रिज सवारी गाड़ी की जगह-जगह चेनपुलिंग की गई।
ट्रेन हापुड़ से गाजियाबाद पहुंचने में करीब ढाई घंटे लग गए। इससे दिल्ली की ओर जा रही नौ ट्रेनें बीच में खड़ी हो गई। सुहेलदेव एक्सप्रेस, सप्तक्रांति एक्सप्रेस सहित नौ ट्रेनें एक घंटे से डेढ़ घंटे लेट हो गई।
बुलंदशहर-तिलक ब्रिज पैसेंजर ट्रेन (54021) शनिवार सुबह 7.20 बजे हापुड़ स्टेशन पहुंची। जहां से सवारी गाड़ी गाजियाबाद के लिए रवाना र्हुई। ट्रेन अभी हापुड़ से कुछ दूर आगे बढ़ी थी कि कुछ शरारती तत्वों ने चेन पुलिंग कर दी। चेन पुलिंग का ये सिलसिला गाजियाबाद तक चलता रहा।
ट्रेन हापुड़ और गाजियाबाद के बीच में कई जगह खड़ी रही। ट्रेन करीब ढाई घंटे बाद 9.50 बजे हापुड़ से गाजियाबाद पहुंची। इसके चलते पीछे से आ रही अप ट्रेनें प्रभावित हुई। सुहेलदेव एक्सप्रेस सहित नौ ट्रेनें लेट हो गई। ये ट्रेनें तीस मिनट से डेढ़ घंटे तक लेट हो गई।
ये ट्रेनें हुई प्रभावित
- सुहेलदेव एक्सप्रेस
- सप्तक्रांति एक्सप्रेस
- सत्याग्रह एक्सप्रेस
- बरेली-दिल्ली इंटरसिटी
- जनसाधारण एक्सप्रेस
- गरीब नवाज एक्सप्रेस
- काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस
- सियालदाह एक्सप्रेस
- सद्भावना एक्सप्रेस