ठाकुरद्वारा। रविवार को नगर के प्रमुख बाजारों में जाम की समस्या गहराई रही। इसके चलते छुट्टी के दिन जरूरी सामान खरीदने निकले लोगों को जूझना पड़ा।
रविवार की छुट्टी के साथ-साथ नवरात्र का पहला दिन होने के कारण बाजार में रोज से ज्यादा भीड़ थी। दो पहिया वाहनों के अलावा ई-रिक्शाओं से आवाजाही करने वाले काफी देर जाम में फंसे रहे। ज्यादा समस्या बुध बाजार, शगुन तिराहा, छिद्दू चौराहा, बाजारगंज, नैनीताल बैंक रोड, कदीर तिराहा पर आई, जहां रुक-रुक कर जाम लगता रहा। स्थानीय लोगों ने कहा कि ठाकुरद्वारा के बाजार में जाम की समस्या आम है। इसके बाद भी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई नहीं की जा रही।
इस बारे में पूछने पर कोतवाल मनोज परमार ने कहा कि अतिक्रमण हटाने का काम नगर पालिका का है। पुलिस इसमें सहयोग कर सकती है। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी अशोक कुमार खरवार का कहना है कि शीघ्र पुलिस के सहयोग से अभियान चलाया जाएगा।