मुरादाबाद के मंडी चौक क्षेत्र में सीवर लाइन का काम संपन्न होने के बाद नही बन पाया सड़क जाम करके प्?
- फोटो : CITY
मुरादाबाद। शहर के मंडी चौक से संभली गेट तक जलनिगम की अधिकृत संस्था द्वारा सीवर लाइन डालने के बाद सड़क ना बनाने से गुस्साए बाजार के व्यापारी दुकानें बंद कर धरना देकर बैठ गए। देर शाम नगर निगम अफसरों ने पहुंचकर आश्वासन देकर व्यापारियों को धरने से उठाया, लेकिन व्यापारियों ने साफ कह दिया कि यदि तीन दिन में सड़क नहीं बनी तो वह बाजार बंद कर सड़कों पर उतर जाएंगे।
जलनिगम की एलएंडटी कंपनी ने करीब ढाई महीने पहले शहर में मंडी चौक से संभली गेट तक बाजार में करीब 250 मीटर एरिया में सीवर लाइन डाली थी। व्यापारियों का आरोप है कि कंपनी ने सीवर लाइन डालने के बाद तोड़ी गई सड़क को नहीं बनाया। जिससे सड़क पर आने जाने लायक हालत नहीं रही। इस कारण यहां ग्राहक भी नहीं आ पा रहे और काम ठप हो गया । व्यापारी और नगर निगम पार्षद अनुराग मल्होत्रा ने बताया कि व्यापारियों ने कई बार एलएंडटी कंपनी के अधिकारियों को समस्या बताई लेकिन वह हर बार सिर्फ आश्वासन देते रहे। इसी से नाराज होकर यहां के व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद कर दी और बाजार में बीच सड़क पर दरा डालकर धरने पर बैठ गए और साफ कह दिया कि जब तक कोई उच्चाधिकारी आकर उन्हें वार्ता कर ठोस आश्वासन नहीं देता जब तक वे दुकानें नहीं खोलेंगे। शाम को अपर नगर आयुक्त अनिल सिंह उनके बीच पहुंचे डेढ़ घंटे वार्ता के बाद व्यापारी धरना उठाकर लौट गए। व्यापारियों ने साफ कह दिया कि यदि तीन दिन में सड़क नहीं बनी तो वे फिर से दुकानें बंद कर सड़कों पर धरना देकर बैठ जाएंगे। इनमें विशाल, राशिद ,पुनीत, कौशल, वसीम, सुभान आदि व्यापारी थे।
रातों रात बन गई थी सड़क
व्यापारी और नगर निगम पार्षद अनुराग मल्होत्रा ने बताया कि फरवरी के महीने में मंडी चौराहे से एस कुमार चौराहे तक भी इसी तरह सीवर लाइन डालनेे के बाद सड़क खोदकर डाल दी गई थी। जब भी परेशान होकर व्यापारी बाजार बंद कर धरने पर बैठ गए थे। आंदोलन चला तो रातों रात सड़क बनवा दी गई थी।
कोट
कंपनी के अधिकारियों का कहना था कि तारकोल की गाड़ी की व्यवस्था ना होने से समस्या बनी है। तीन दिन में टूटी सड़क बनवाने को कंपनी से कहा गया है यदि इस अवधि में ऐसा नहीं हुआ तो कंपनी के खिलाफ केस दर्ज कराया जा सकता है।
- अनिल सिंह, सहायक नगर आयुक्त