मुरादाबाद। संयुक्त व्यापार मंडल उत्तर प्रदेश के पदाधिकारियों ने अपर आयुक्त ग्रेड-1 से मुलाकात कर केंद्र सरकार से वैट की तरह जीएसटी में सुविधा देने की मांग की। इसके अलावा प्रधानमंत्री से खाने पीने के समान पर जीएसटी शून्य करने की मांग की गई।
संयुक्त व्यापार मंडल के अध्यक्ष अरविंद अग्रवाल जॉनी के नेतृत्व में व्यापारियों ने जीएसटी में सुधारो को लेकर कुछ बिंदुओं पर अपर आयुक्त ग्रेड-1 अशोक कुमार सिंह से मुलाकात की। बताया कि केंद्र सरकार को वैट में धारा 32 की तरह जीएसटी में भी सुविधा लागू करने की मांग की। व्यापारियों का कहना था कि आईटीसी क्लेम की जो पेनाल्टी लगाई जा रही है। उसको समाप्त करना चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले से जीएसटी में दो टैक्स स्लैब करने की घोषणा की है। इसमें बर्तन व्यापारियों को पांच प्रतिशत के स्लैब में रखा जाना चाहिए। खाने पीने के समान पर जीएसटी शून्य होनी चाहिए। साथ ही व्यापारी जिस व्यक्ति से माल खरीदते हैं उसकी चेन देखने की सुविधा व्यापारियों को पोर्टल पर मिलनी चाहिए जिससे फर्जी बिल का सिस्टम और कालाबाजारी पर रोक लगाई जा सके।
इसी क्रम में सेक्टर दो के डिप्टी कमिश्नर रीना सिंह को भी व्यापारियों ने स्मृतिचिह्न भेंट कर सम्मानित किया। प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश महामंत्री विपिन गुप्ता, सुप्रीत खन्ना, उपाध्यक्ष सुनील अग्रवाल, पुनीत रस्तोगी, बोनी सरदार, मनीष अग्रवाल, पंकज शर्मा आदि रहे।