मुरादाबाद। कोतवाली क्षेत्र में बुध बाजार पुलिस चौकी के पास शुक्रवार शाम पर्दा कारोबारी को गोली मार दी गई। घटना के समय वह दुकान में बैठे थे। इसी दौरान एक व्यक्ति दुकान पर पहुंचा और उसने थैले से तमंचा निकालकर गोली मार दी। इसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गया। फायर की आवाज सुनकर आस पड़ोस के दुकानदार मौके पर पहुंचे तो घटना की जानकारी हो पाई। घायल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक, कोतवाली क्षेत्र में ताड़ीखाना रोड स्थित कुमार कुंज निवासी अशोक अग्रवाल पर्दा कारोबारी हैं। बुध बाजार पुलिस चौकी के पास पर्दों की दुकान है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार शाम करीब सात बजे अशोक अपनी दुकान पर बैठे थे। इस दौरान एक व्यक्ति हाथ में थैला लेकर पहुंचा। उसने अशोक अग्रवाल से पर्दा दिखाने के लिए कहा। अशोक कुमार पर्दा दिखाने के लिए उठे तो आरोपी ने थैले से तमंचा निकालकर फायरिंग कर दी। गोली कारोबारी के कंधे में लगी। जिससे वह घायल होकर दुकान में ही गिर गए। इसी बीच आरोपी मौके से भाग निकला। फायरिंग की आवाज सुनकर आस पड़ोस के दुकानदार भी अपने दुकानों से बाहर निकल आए। उन्होंने अशोक अग्रवाल की दुकान में जाकर देखा। अशोक कुमार घायल अवस्था में पड़े। इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद वह घायल अशोक अग्रवाल को लेकर कॉसमॉस अस्पताल पहुंचे गए और भर्ती करा दिए। डॉक्टरों ने उनका उपचार शुरू कर दिया। शुक्रवार रात परिजन घायल अशोक अग्रवाल को निजी अस्पताल से रेफर कराकर दूसरे निजी अस्पताल ले गए और भर्ती करा दिए। सीओ कोतवाली आलोक अग्रहरि और कोतवाली प्रभारी अजय कुमार ने अस्पताल पहुंचकर घायल व उनके परिजनों से पूछताछ कर घटना की जानकारी ली।
शोभायात्रा में व्यस्त थी पुलिस
कोतवाली क्षेत्र के व्यस्ततम इलाके में शुक्रवार शाम जिस वक्त पर्दा कारोबारी को गोली मारी थी। उस वक्त क्षेत्र में बालाजी जयंती शोभायात्रा निकालने की तैयारी चल रही थी। पुलिस कर्मी भी जगह-जगह तैनात किए गए थे। बावजूद इसके आरोपी हमलावर तमंचा लेकर दुकान में पहुंचा और उसने कारोबारी को गोली मार दी। इसके बाद हमलावर मौके से आसानी से फरार भी हो गया।
कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार शाम घटना हुई थी। घायल कारोबारी को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। ताकी हमलावर की पहचान हो सके। फिलहाल परिजन भी किसी रंजिश से इनकार कर रहे हैं। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।
आलोक अग्रहरि, सीओ कोतवाली