ठाकुरद्वारा-करनपुर मार्ग पर सरकड़ा परमपुर माफी गांव के पास बुधवार तड़के करीब तीन बजे लकड़ियों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से कार सवार किसान कविराज सिंह (36), उनकी पत्नी मंजू (34) और बेटी आराध्या (10) की माैत हो गई। कार में सवार किसान के बेटे समेत तीन अन्य लोग घायल हो गए। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली छोड़कर भाग गया।
पुलिस के अनुसार बिजनौर के शिवाला कला क्षेत्र के फिना रामपुर निवासी कविराज सिंह मंगलवार को अपने परिवार के साथ ठाकुरद्वारा क्षेत्र के खाईखेड़ा गांव में अपने मामा संजय सिंह यादव की बेटी स्वाति की शादी में शामिल होने आए थे। बुधवार तड़के करीब तीन बजे वह अपनी कार से घर लौट रहे थे। ठाकुरद्वारा-करनपुर मार्ग पर सरकार परमपुर माफी गांव के पास सामने से आई तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्राली ने कार को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। कार चला रहे कविराज सिंह, उनकी पत्नी मंजू और बेटी आराध्या की मौके पर ही मौत हो गई। कार में सवार कविराज सिंह का 12 वर्षीय बेटा लक्ष्य (12) और रिश्तेदार तासु और जानू गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल कार के अंदर ही फंस गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायलों को कार से बाहर निकाला और अस्पताल में भर्ती कराया।
हादसे के बाद मार्ग पर जाम लग गया। सूचना मिलने पर कविराज के परिजन और रिश्तेदार भी अस्पताल पहुंच गए। एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि कविराज के भाई सोमेंद्र सिंह की तहरीर पर ट्रैक्टर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर चले गए।