मुरादाबाद। मुरादाबाद रेल मंडल में शनिवार को दो अलग अलग जगह रेल पटरियां चटक गईं। मंडल के परसाखेड़ा और बिठौरा के बीच पेट्रोलमैन की सूझबूझ से जन नायक एक्सप्रेस हादसा ग्रस्त होने से बच गई। पेट्रोलमैन ने लाल झंडी दिखाकर ट्रेन रुकवा ली। इसके बाद ट्रैक की मरम्मत की गई। इस दौरान जन नायक और तीन मालगाड़ियां बीच में रुकी रहीं।
मंडल के परसाखेड़ा और बिठौरा के बीच पेट्रोल मैन पावन कुमार और जोशी पेट्रोलिंग कर रहे थे। इसी दौरान रेल पटरी चटकी देख ली। यहां से कुछ ही देर में अमृतसर दरभंगा जन नायक एक्सप्रेस गुजरने वाली थी। दोनों कर्मचारी कुछ समझ पाते।इससे पहले ही ट्रेन तेजी से उनकी ओर आने लगी। उन्होंने लाल झंडी दिखाकर ट्रेन रुकवा ली। जिससे रेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर इंजीनियरिंग शाखा की टीम मौके पर पहुंची और ट्रैक की मरम्मत की। जन नायक यहां एक घंटे तक रुकी रही। जबकि तीन मालगाड़ियां डेढ़ घंटे तक खड़ी रहीं। इसके अलावा मुरशदपुर और बुंदकी के बीच रेल पटरी चटक गई। सुबह सवा छह बजे नजीबाबाद सेक्शन के जेई ने रेल पटरी चटकी देखी। रेलवे टीम ने ट्रैक ठीक करने के बाद ट्रेनों को धीमी गति से चलाया गया।