मुरादाबाद। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुरादाबाद भीमराव अंबेडकर अकादमी में भले ही सलामी लेने आ रहे हैं। लेकिन अफसर और कर्मचारी दिनभर सड़कों पर पसीना बहाते रहे। दिल्ली रोड पर मूवमेेंट की संभावना के चलते अधिकारियों का फोकस यही रहा।
लोको शेड पुल के पिलर पर रंग कराने के साथ लोहे की जालियों पर विभूतियों के चित्र बनाए गए। पुल की एक तरफ पहले ही स्वच्छता सर्वेक्षण की वॉल पेंटिंग हो चुकी है। वॉल पेंटिंग के बचे हुए कामों को भी पूरा कराया गया। नगर आयुक्त संजय चौहान, सहायक नगर आयुक्त गंभीर सिंह, प्रवर्तन दल के प्रभारी रिटायर्ड सीओ अविनाश कुमार गौतम, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी राकेश सोनकर और उनकी टीम भी मौजूद रही। स्ट्रीट लाइट के पोल पर मरम्मत के काम भी कराए गए।
जुगाड़ से पैचवर्क कर डाले
दिल्ली रोड पर लोक निर्माण विभाग के कर्मचारी टूटी हुई सड़क के टुकड़ों को तोड़ गड्ढों में भरने और डामर लगाकर पैचवर्क करते नजर आए। दिल्ली रोड से लेकर सिविल लाइंस तक डिवाइडर की पुताई कराई गई। वॉल पेंटिंग के काम भी पूरे कराए गए। ग्रीन बेल्ट की जालियों को पेंट कराने में कर्मचारी जुटे रहे।