महापौर उपचुनाव के लिए चुनाव प्रचार सोमवार शाम को थम गया। अब करीब साढ़े पांच लाख मतदाता कल (बुधवार) को 12 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेेंगे। इसके लिए पुलिस - प्रशासन ने कड़े बंदोबस्त किए हैं। पोलिंग बूथ बनकर तैयार हो गए हैं। पोलिंग पार्टियों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। आज पोलिंग पार्टियां रवाना कर दी जाएंगी।
महापौर बीना अग्रवाल की 26 मई को हार्ट अटैक से मौत के बाद रिक्त हुई मेयर की कुर्सी के लिए यह उपचुनाव कराया जा रहा है। तीन अगस्त को मतदान होना है। लिहाजा सोमवार को शाम पांच बजे चुनाव प्रचार थम गया। हालांकि अंदरखाने प्रत्याशियों का जनसंपर्क देर रात तक भी जारी था। लेकिन औपचारिक रूप से प्रचार का भोंपू बंद हो चुका है।
उधर, जिला प्रशासन और पुलिस ने चुनावों की तैयारियां पूरी कर ली हैं। सभी 487 बूथ बनकर तैयार हो चुके हैं और मजिस्ट्रेट इनका निरीक्षण कर चुके हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी जुहैर बिन सगीर ने बताया कि बुधवार (तीन अगस्त) को सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक 487 पोलिंग बूथों पर मतदान होगा। इसके लिए पूरे शहर को 15 जोन और 30 सेक्टरों में बांटा गया है। दस सुपर जोन होंगे।
डीएम ने बताया कि प्रत्येक 10 सेक्टर पर एक एडीएम तैनात रहेंगे। डीएम ने सोमवार को अधीनस्थों के साथ बैठक करके उन्हें चुनाव की ड्यूटियों के बारे में बताया। निर्देश दिए कि किसी भी कीमत पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उधर, एसएसपी नितिन तिवारी ने पुलिस लाइन में फोर्स ब्रीफिंग करके पुलिस कर्मियों को उनकी ड्यूटी के बारे में बताया। एसएसपी ने पुलिस कर्मियों को सख्त हिदायत दी है कि चुनाव ड्यूटी में लापरवाही बरती तो सीधे सस्पेंड किया जाएगा। उन्होंने पुलिस कर्मियों को निष्पक्ष व शांतिपूर्ण चुनाव के लिए सख्ती से ड्यूटी करने के निर्देश दिए। सोमवार को देर शाम से पुलिस ने शहर में फ्लैग मार्च शुरू कर दिया है।
महापौर उपचुनाव की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। चुनाव वाले दिन चप्पे - चप्पे पर पुलिस और मजिस्ट्रेट रहेंगे। सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए गए हैं। यदि किसी ने भी गड़बड़ी करने की कोशिश की तो उसे बख्शा नहीं जाएगा। - जुहैर बिन सगीर, जिला निर्वाचन अधिकारी।