मुरादाबाद। टीकाकरण को लेकर युवाओं का इंतजार खत्म होने वाला है। कल (सोमवार) जिले के 22 केंद्रों पर 18 वर्ष पार वालों को कोरोना से बचाव का टीका लगाया जाएगा। इसमें शहरी क्षेत्र के बारह और ग्रामीण इलाके के दस केंद्र शामिल हैं। पहले दिन रजिस्ट्रेशन कराने वाले 2800 युवाओं को कोविशील्ड वैक्सीन की पहली डोज लगाई जाएगी। सेहत महकमे ने टीकाकरण की तैयारी पूरी कर ली है।
एक मई से प्रदेश में कोरोना टीकाकरण के तीसरे चरण की शुरुआत हो चुकी है। इसकी औपचारिक शुरुआत सात जिलों में की गई थी। मुरादाबाद में कोरोना टीकाकरण के तीसरे चरण की शुरुआत सोमवार को होगी। इसके तहत 18 वर्ष या अधिक आयु वर्ग वालों को कोरोना से बचाव का टीका लगाया जाएगा। जिले में सोमवार को सरकारी अस्पतालों में टीकाकरण के 22 सत्र आयोजित किए जाएंगे। जहां पहले दिन पंजीकृत 2800 युवाओं को टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया है।
शहरी क्षेत्र के बारह और ग्रामीण क्षेत्र के दस केंद्रों पर टीका लगाया जाएगा। युवाओं के टीकाकरण में कोविशील्ड वैक्सीन इस्तेमाल किया जाएगा।
- सोमवार को पंजीकृत 18 वर्ष से पार 2800 युवाओं के टीकाकरण का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए सरकारी अस्पतालों में टीकाकरण के 22 सत्र आयोजित किए गए हैं। टीकाकरण के लिए समय और स्थान की जानकारी युवाओं के मोबाइल पर दी जाएगी। - डा. एससी मिश्रा, प्रभारी जिला प्रतिरक्षण अधिकारी
शहरी क्षेत्र में यहां लगेगा टीका
- जिला अस्पताल, रेलवे अस्पताल, केंद्रीय पुलिस अस्पताल, अरबन पीएचसी हरथला, नया गांव, किसरौल, कानूनगोयान, गाड़ी खाना, पीतल बस्ती, चिड़िया टोला, कांशीरानगर, फकीरपुरा।
ग्रामीण क्षेत्र में यहां लगेगा टीका
- ठाकुरद्वारा, बिलारी, डिलारी, मूंढापांडे, कुंदरकी, छजलैट, ताजपुर, अगवानपुर, पाकबड़ा, मैनाठेर पीएचसी में।