हाईवे का सफर एक अप्रैल से महंगा हो जाएगा। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने टोल की दरों में पांच से लेकर सात फीसदी तक की बढ़ोत्तरी कर दी है। टोल बूथों पर बढ़ी टोल दरों की सूची भेज दी गई है। मुरादाबाद से दिल्ली तक जाने के लिए अभी कार पर 140 रुपये टोल टैक्स देना पड़ता है। रजबपुर टोल प्लाजा पर 70 रुपये, ब्रजघाट प्लाजा पर 45 रुपये और डासना में 25 रुपये टोल चुकाना पड़ता है। दरें बढ़ने के बाद कार मालिकों को दिल्ली जाने के लिए 150 रुपये से अधिक चुकाने होंगे।
रामपुर जाने के लिए अभी नियामतपुर इकरोटिया टोल पर 90 रुपये टोल चुकाना पड़ता है। दरें बढ़ने के बाद यह 95 से 97 रुपये हो सकता है। भारी वाहनों पर भी इसी दर से टोल बढ़ेगा। एनएचएआई के परियोजना प्रबंधक विनय कुमार बंसल ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी एनएचएआई ने टोल की दरें बढ़ाई हैं। हाईवे टोल बूथ पर एक अप्रैल से बढ़ी दरों के हिसाब से टोल वसूला जाएगा। बढ़ी दरों की सूची सभी टोल बूथ पर भेज दी गई है।