एनआईए की टीम ने गुरुवार को कबाड़ी के बेटों से दिल्ली ऑफिस में करीब दो घंटे पूछताछ की। दोनों भाइयों ने एनआईए अधिकारियों के सवालों के जवाब दिए। टीम ने उन्हें शुक्रवार को फिर तलब किया है। जबकि सैदपुर इम्मा निवासी बब्बू और जरीफ भी शुक्रवार को एनआईए ऑफिस पूछताछ की जाएगी।
बुधवार को एनआईए और एटीएस की छापेमारी में हत्थे चढ़े संदिग्ध आतंकी सईद की निशानदेही पर टीम ने कैलसा बाईपास रोड स्थित कबाड़ी नारायनदास की दुकान पर छापा मारा था। एनआईए और एटीएस की टीम ने करीब ढाई घंटे तक दुकान और गोदाम में जांच पड़ताल की गई। इसके बाद टीम ने कबाड़ी के दो बेटे पिंटू और रामचंद्र को पूछताछ के एसपी आफिस लेकर पहुंची थी। यहां सईद के सामने एनआईए ने दोनों भाइयों से बरामद किए गए देशी रॉकेट लांचर से संबंधित पाइप के बारे में जानकारी हासिल की। इसके बाद टीम ने दोनों भाइयों को नोटिस देकर गुरुवार को दिल्ली एनआईए ऑफिस बुलाया था।
कबाड़ी के बेटे पिंटू का कहना है कि टीम ने उनसे जो सवाल पूछे हैं, उसके जवाब दिए। उसने स्वीकार किया कि पाइप उनकी दुकान से खरीदा गया था। अन्य सवालों और जवाबों का ब्योरा देने से फिलहाल इंकार किया। शुक्रवार को भी ऑफिस में फिर से बुलाया है। वहीं एनआईए नोटिस के मुताबिक सैदपुर इम्मा निवासी जरीफ और बब्बू भी आज एनआईए ऑफिस जाना होगा।