बिलारी। राशन दुकानों से खाद्यान्न वितरण पर प्रदेश शासन द्वारा कमीशन न बढ़ाए जाने के विरोध में राशन कोटेदार अपने आंदोलन को मजबूत बनाने में जुट गए हैं। बिलारी नगर में हुई राशन कोटेदार एसोसिएशन की जिला स्तरीय बैठक में पांच दिसंबर को जिलापूर्ति अधिकारी कार्यालय पर ई पॉस मशीन जमा करने का कार्यक्रम सफल बनाने के लिए जिम्मेदारी बांटी गई।
नगर में शाहबाद रोड स्थित कैंप कार्यालय पर उत्तर प्रदेश फेयर प्राइस शॉप डीलर एसोसिएशन की जिला स्तरीय बैठक बुलाई गई। जिसमें एसोसिएशन के पश्चिमी उत्तर प्रदेश अध्यक्ष अनिल चौधरी ने कहा कि गुजरात समेत अन्य राज्यों में वहां की सरकारों द्वारा राशन कोटेदारों को उचित मानदेय दिया जा रहा है। उत्तर प्रदेश में कोई मानदेय नहीं जबकि खाद्यान्न वितरण पर कमीशन भी काफी कम है। सरकार की ओर से आश्वासन तो मिला, लेकिन अभी तक कोई अमल नहीं हुआ है। बैठक की अध्यक्षता संगठन के जिला अध्यक्ष चौधरी हरवीर सिंह और संचालन तहसील अध्यक्ष अरविंद सिंह ने किया। बैठक में हाजी अब्दुल हसन, फिरोज आलम, महेंद्र सिंह, विजय, विजयपाल सिंह आदि ने पदाधिकारियों ने भी विचार रखे।
फोटो परिचय-01